धोखाधड़ी के शिकार हुए लोग अपना धन वापस पाकर हुए खुश
शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो
बालाघाट -साइबर अपराध दिनों दिन बढ़ता जा रहा है जिस पर पुलिस नकेल कसने में कामयाब भी होती है।जिसका ताजा मामला पुलिस ने उजागर किया है।नागरिकों से हुए साइबर अपराधियों के हाथों खोए धन की वसूली के लिए बालाघाट पुलिस निरंतर मिशन पर है। लगातार तकनीकी जांच के बाद बालाघाट पुलिस ने शनिवार को सात अलग-अलग मामलों में 3 लाख 61 हजार 221 रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए है।
बालाघाट की साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर पैसे को डिजिटल रूप से ट्रैक किया और वित्तीय संस्थानों की मदद से राशि को फ्रीज कर 3 लाख से अधिक रुपये निकालने में कामयाबी हासिल की।
बालाघाट पुलिस ने एटीएम कार्ड नंबर की ओटीपी पूछकर 1,25,000 रुपये की राशि आहरण करने संबंधी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 लाख की राशि वापस दिलाई है। इसी तरह अन्य छह मामलों में बालाघाट की साइबर पुलिस ने लक्ष्मण खूबचंदानी को फोन पे के माध्यम से धोखाधड़ी की 49 हजार 295 की राशि वापस दिलाई।
माधुरी ठाकरे को 90 हजार की धोखाधड़ी के एवज में 25 हजार 926 रुपये वापस दिलाए। वही कृष्ण कुमार मिश्रा को 1 लाख 56 हजार की धोखाधड़ी में 56 हजार रुपए वापस दिलाने में सफलता मिली। यासीन शेख को ई-वालेट पर रिक्वेस्ट भेजकर साइबर अपराधियों ने 17 हजार रुपये खाते से उडा दिए।
बालाघाट के ही किशोर कुमार गढ़पाले को ऑनलाइन गेमिंग में साइबर अपराधियों ने अपना निशाना बनाकर 1.70 लाख की चपत लगाई। पुलिस ने इस मामले में शिकायती आवेदन पर कार्रवाई करते हुए 64 हजार वापस दिलाए। जबकि एक और मामले में पुलिस ने एनी डेस्क डाउनलोड कराकर सौरभ बिसेन से 50 हजार की धोखाधड़ी मे सम्पूर्ण राशि वापस दिलाई है। इस तरह पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 7 मामलों में 3,61,221 रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.