शराब के नशे में जीजा ने साले को मारा, अस्पताल ले जाते समय साले की हुई मौत
(शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो)
बालाघाट। मलाजखंड थाना अंतर्गत पुलिस चौकी पाथरी के ग्राम गड़पायली में जीजा ने शराब के नशे में अपने साले की जमकर पिटाई कर दी,जिससे साले की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।पुलिस ने सूचना मिलने पर छोटू पिता अगनु मरावी 42 वर्ष ग्राम गड़पायली निवासी का शव बरामद किया। जबकि घटना के बाद मृतक का जीजा दसवंत सिंह मरकाम 45 वर्ष गड़पायली टोला निवासी फरार हो गया था।
पुलिस ने सोमवार को शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप शून्य पर मर्ग कायम किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार छोटू मरावी दो भाई है। दोनों भाई अलग अलग अपने परिवार के साथ रहते थे।जिनके परिवार में पत्नी और तीन लड़कियां हैं। छोटू मरावी अपनी पत्नी के साथ खेती के साथ मजदूरी भी करता था। जिसकी एक छोटी बहन गड़पायली टोला में ही अपने पति दसवंत सिंह के साथ रहती है। बताया गया है कि जसवंत सिंह मूल रूप से ग्राम रेलवाही का रहने वाला है, लेकिन शादी के बाद वह अपने ससुराल गड़पायली टोला में ही रहने लगा है और खेती किसानी कर अपना परिवार चला रहा था। बताया गया है कि छोटू मरावी अपनी बहन और जीजा दसवंत सिंह के घर आते जाते रहता था। 24 फरवरी की शाम में छोटू मरावी अपने बहन के घर गड़पायली टोला गया था जहां पर छोटू मरावी और उसके जीजा दसवंत सिंह ने शराब पी थी। तभी शाम सात बजे करीब किसी बात को लेकर जीजा व साले के बीच विवाद हो गया और दसवंत सिंह ने आवेश में आकर अपने साले छोटू मरावी के साथ बेरहमी से मारपीट किया, जिससे छोटू मरावी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था। दसवंत सिंह द्वारा छोटू मरावी को मारपीट कर घायल करने की खबर छोटू मरावी के बड़े भाई भैयालाल को मिली।तब वह गढ़पायली टोला पहुंचा देखा उसका छोटा भाई छोटू मरावी घायल होकर बेहोशी की हालत में था और दसवंत सिंह घर में नहीं था जो शायद फरार हो गया था।
इस घटना की सूचना दूसरे दिन भैयालाल ने गांव वालों के साथ पाथरी पुलिस चौकी में दी थी। पाथरी पुलिस ने घायल छोटू मरावी को बैहर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। तब दूसरे दिन छोटू मरावी को बैहर अस्पताल लाकर भर्ती किया गया। जहां इलाज के बाद छोटू मरावी को जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने छोटू मरावी को मृत घोषित कर दिया।बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दिया है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.