जल अभिषेक अभियान अंतर्गत अमृत सरोवरों का जिले में किया जा रहा निर्माण
(शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो)
बालाघाट।जल अभिषेक अभियान के अंतर्गत जिले में लगभग 104 संरचनाओं का निर्माण किया जाना है । इन कार्यो के पूर्ण होने पर पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। अमृत सरोवर निर्माण का कार्य वर्षा ऋतु के प्रारंभ होने के पहले पूर्ण कराया जाना है। जिसके लिए कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार की उपस्थित में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्माण विभागों के अधिकारियों एवं उनके निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों की बैठक आयोजित कर उन्हें दिशा निर्देश दिये गये है।
शासन की मंशा है कि जल अभिषेक अभियान के अंतर्गत जिले में बनाये जाने वाले अमृत सरोवर में जनभागीदारी से सहयोग लिया जाये और शेष कार्य मनरेगा से कराया जाये। विभिन्न निर्माण विभागों में कार्य कर रहे ठेकेदार अपनी मशीनरी के साथ एक-दो दिन सहयोग प्रदान कर अमृत सरोवर निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई कर दें और तालाब के आकार की संरचना का निर्माण कर दें। तालाब की बंड आदि का कार्य मनरेगा से कराया जायेगा। सभी ठेकेदारों को इस कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है निर्माण कार्य मे किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। सभी ठेकेदार प्रत्येक विकासखंड में सहयोग के लिए अमृत सरोवर को चिन्हित कर कार्य मे सहयोग करेंगे तालाब के लिए की जाने वाली खुदाई से निकलने वाली मिट्टी का उपयोग ठेकेदार सड़क निर्माण या अन्य कार्यों में कर सकते है जल संरक्षण के इस कार्य में मिलने वाला योगदान बालाघाट जिले के भू-जल स्तर को बढ़ाने में मददगार होगा।
पूर्व में सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने विभाग के ठेकेदारों से समन्वय कर अमृत सरोवर तालाब निर्माण में सहयोग के लिए ग्राम एवं स्थान तय करने के पश्चात जिले में अमृत सरोवर तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ करें। जिले के सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियो को विभागीय ठेकेदारों से समन्वय कर जेसीबी मशीन का सहयोग लेने कहा गया है। प्रथम चरण में जनपद पंचायत कटंगी के ग्राम चकाहेटी, आगरवाड़ा, जनपद पंचायत खैरलांजी के चिखला, सालेबर्डी, जनपद पंचायत वारासिवनी के ग्राम रेंगाझरी, कायदी आदि ग्रामो में स्थानीय ठेकेदारो के जनसहयोग से तालाब निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। जल संरक्षण के इस कार्य में जिले के ठेकेदारों से बढ़ चढकर सहयोग करने की अपील की गई है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.