कबीर आश्रम करहीभदर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाई गई
सीएनआई न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू की रिपोर्ट
बालोद -जिला मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर ग्राम करहीभदर, सद्गुरु कबीर आश्रम में धूमधाम से गुरु पूर्णिमा मनाई गई। इस अवसर पर भजन एवं सत्संग का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संत श्री जिवेंद्र साहेब ने 'गुरु ने पठाया चेला न्यामत लाना ' भजन गाकर श्रोताओं का मन मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के संचालक संत श्री दिनेंद्र साहेब ने कहा,"गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागू पाय। बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताए।। कबीर वाणी जन-जन में क्रांति लाती है सोये हुए लोगों को झकझोर कर जगाती है। गुरु माता- पिता,वैद् ,सिकलीगर, कुंभकार के समान होते हैं।
आश्रम के वरिष्ठ संत श्री देवेंद्र साहेब ने कहा, जब भौतिक पदार्थों के ज्ञान के लिए गुरु की आवश्यकता होती है तो अध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए गुरु की महती आवश्यकता होगी ही इसे नकारा नहीं जा सकता। आश्रम के व्यवस्थापक संत श्री सुशांत साहेब ने कहा,"गुरु हमें निर्भयता, सरलता, स्वच्छंदता और अमरता प्रदान करती है। गुरु का ज्ञान अमल करने से हमारी प्रवृत्ति बाह्यमुखी से अंतर्मुखी हो जाती है। शिष्य को गुरु के प्रति पूर्ण समर्पित होना चाहिए।
गुरु की महिमा अनंत है,अनंत किया उपकार। लोचन अनंत उघारिया, अनंत दिखावन हार।।
संतों की पूजा आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के पश्चात भोजन प्रसाद वितरण हुआ। इस अवसर पर विशाल साहू,हेमंत अठनागर,डॉक्टर हेमलाल साहू, देवेंद्र सहारे,डॉक्टर शेरवानी, हेमंत साहू ,दीपा साहू, विद्या साहू सहित सैकड़ों सज्जनों ने भारी बारिश के बाद भी गुरु पूजा में भाग लिया।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.