वृक्ष को हमेशा हरा भरा रखें - राजेश्री महंत
मोहन द्विवेदी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा - कोसा , कांसा एवं कंचन की नगरी चाम्पा की पुण्यसलिला माँ हसदेव नदी के तट डोंगाघाट पर स्थित तपसीधाम हनुमान मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन पूज्यपाद बालमुकुंद तपसी जी महाराज की समाधि स्थली तपसीधाम केराझरिया लछनपुर चाँपा में क्षेत्र के जननायक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री बिसाहूदास महंत की 44वीं पुण्यतिथि के अवसर पर तपसीबाबा की विशेष पूजा अर्चना के पश्चात स्वर्गीय बिसाहूदास महंत को उपस्थित जनमानस के द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात उनकी स्मृति में परिसर में पौधारोपण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष माननीय डाँ चरणदास महंत , छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुंदर दास , केराझरिया सेवा समिति के पदाधिकारी तथा सामाजिक , राजनैतिक , साहित्यिक एवं धार्मिक संस्थाओं के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण भी उपस्थित थे। यहां के कार्यक्रम पश्चात गो सेवा आयोग के अध्यक्ष नवागढ़ विकासखण्ड के अन्तर्गत ग्राम महंत के गोठान में आयोजित वृहद वृक्षारोपण में शामिल होंने पहुंचे। यहां कार्यपालन अधिकारी दिग्विजय दास महंत एवं गांव के वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने राजेश्री महन्त जी महाराज का बड़े ही आत्मीयता पूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती , महात्मा गांधी एवं डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों के सत्कार के पश्चात उपस्थित जनसमूह को आशीर्वचन प्रदान करते हुये राजेश्री ने कहा कि वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम आप सभी के द्वारा आयोजित किया गया है , वृक्ष लगाना और उसका भली-भांति पालन पोषण करना अलग-अलग बातें है। आप लोग यहां वृक्ष लगा रहे हैं वह हमेशा हरा भरा रहनी चाहिये। छत्तीसगढ़ सरकार ने गौ माता को संरक्षण एवं संवर्धन के लिये प्रत्येक गांव में गौठान का निर्माण किया है। यह गौठान आपका अपना है , यहां आप अपने बच्चों के जन्मदिवस तथा अपने पूर्वजों के पुण्यतिथि का कार्यक्रम मनायें साथ में उनके नाम पर वृक्षारोपण करें यह गौठान स्वर्ग बन जायेगा। उन्होंने कहा कि गौ स्थान में पूजा अर्चना करने से अनंत गुना फल की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम को गांव के वरिष्ठ नागरिक देवेश सिंह , जनपद पंचायत नवागढ़ के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह , जिला पंचायत सदस्य लखनलाल साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू , जनपद सदस्य कमलेश सिंह , राजेश कश्यप , गांव के सरपंच श्रीमती बंदिका परमहंस, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य जन तथा ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का विधिवत संचालन विकास सिंह ने किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.