बालोद से लौट रहे इकलौते बेटे और बाप की ट्रक की चपेट में आने से मौत
डौंडीलोहारा :- मालीघोरी से बालोद मार्ग पर जुझारा नाला (मालीघोरी) के पास डेंजर जोन पर सड़क हादसे में बाप-बेटे की मृत्यु हो गई। मृतक पिता लोकेश तिवारी उम्र 38 वर्ष व उनका 4 वर्षीय बेटा दक्ष कुमार ग्राम मालीघोरी का रहने वाला था। पिता अपने पुत्र के साथ स्कूल से बाइक पर बालोद से लौट रहा था। जो अपने बेटे को मधु चौक पर संचालित ड्रीम इंडिया स्कूल से लाने के लिए गया था। बेटा केजी वन क्लास में पढ़ाई करता था। जहां से 12 बजे वह अपने बेटे को लेकर घर मालीघोरी लौट रहा था। लेकिन घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पर जुझारा नाला के पास 10 चक्का ट्रक ने अपने चपेट में ले लिया जिससे दोनों की मौत हो गई।
इस घटना से गांव में शोक का माहौल है तो वहीं मृतक दक्ष इस परिवार का इकलौता बेटा था। मृतक की पत्नी नोमेश्वरी का रो-रो कर बुरा हाल है। क्योंकि एक ही झटके में उनका सुहाग और गोद दोनों उजड़ गया। वही परिवार के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। रोज की तरह बेटा सुबह स्कूल वैन में स्कूल गया था। लेकिन स्कूल से वापसी को लेकर वैन दोपहर 3:00 बजे चलती है जिसे देखते हुए हमेशा की तरह परिवार के लोग बाइक से ही बच्चे को लाने के लिए जाते थे।
मंगलवार को भी इसी तरह पिता अपने इकलौते बेटे को घर लाने के लिए बालोद गया हुआ था। लेकिन किसे पता था कि यह मंगल का दिन आज इनके लिए अमंगल हो जाएगा। ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही पिता-पुत्र दोनों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। जिससे इस मार्ग पर घंटे भर के लिए ट्रैफिक जाम भी रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस और यातायात की पुलिस भी मौके पर पहुंची और व्यवस्था बनाने का प्रयास किया गया ।वहीं पिता-पुत्र के शव को उठाकर पुलिस की गाड़ी से ही बालोद जिला अस्पताल के मर्च्युरी भिजवाया गया।
CNI News से बालोद जिला प्रमुख प्रदीप सहारे




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.