*- प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरी निकाय के वार्डों में होगा आयोजन*
*- कलेक्टर ने आयोजन की तैयारी के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
राजनांदगांव ब्यूरो रिपोर्ट
राजनांदगांव 04 अक्टूबर 2022। छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का आयोजन 6 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के आयोजन के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरी निकाय के वार्डों में 6 अक्टूबर से शुभारंभ होगा। इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर एवं नगरी निकाय स्तर पर व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक 14 विधाओं में आयोजित होगा। राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों के साथ ही अन्य ग्रामीण जन भी इन 14 विधाओं में शामिल हो सकेंगे। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड के कम से कम 1 ग्राम पंचायतों में विशेष शुभारंभ के तौर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा है। अन्य सभी ग्राम पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का शुभारंभ करने कहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सभी प्रकार की आवश्यक संसाधन सुविधा के साथ छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का आयोजन करें। इसके लिए उन्होंने पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार करने, कोटवार के माध्यम से गांव में मुनादी कराने और लोगों को इसमें भागीदार बनाने के लिए आवश्यक पहल करने कहा है। सफल आयोजन के लिए मैदान चिन्हाकित करने, आवश्यक मेडिकल किट की व्यवस्था रखने, मैदान को खेल के अनुरूप तैयार करने और खिलाडिय़ों के लिए पेयजल जैसी बुनियादी व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है।
इसी प्रकार नगरी निकाय क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करने कहा है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत स्तर पर छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। यहा विजेता प्रतिभागी के लिए 8 ग्राम पंचायतों के समूह पर एक जोन निर्धारित करते हुए 15 से 20 अक्टूबर तक ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। जोन स्तर पर विजेता प्रतिभागी विकासखंड एवं नगरी निकाय कलस्टर स्तर पर 27 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित ओलम्पिक में हिस्सा लेंगे। यहां विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर आयोजित ओलम्पिक में 17 नवंबर से 26 नवंबर तक अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। इसी प्रकार संभाग स्तर पर 5 दिसम्बर से 14 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तर पर 28 दिसंबर से 6 जनवरी तक छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल विधा गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद में प्रतियोगिता की जाएगी। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा, एसडीएम श्री अरूण वर्मा, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री दिलीप कुर्रे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री संतोष वाहने, परियोजना अधिकारी साक्षरता मिशन श्रीमती रश्मि सिंह, सहायक संचालक खेल श्री ए एक्का, प्रबंधक दिग्विजय स्टेडियम श्री रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.