खैरागढ़-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
नड्डा बोले- पुराने वादे पूरा कर नहीं पाई कांग्रेस, अब दोबारा वही जुमले
ठेलकाडीह/खैरागढ़/गंडई. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को अपनी चुनावी सभाओं में राहुल गांधी की चुनावी घोषणाओं पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछली बार चुनावों के किए गए वादों को पूरा कर नहीं पाई है। अब दोबारा वही जुमले दोहरा रही है।
नड्डा ने रविवार को ठेलकाडीह, खैरागढ़ और गंडई में चुनावी सभाओं में राज्य की भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा राज्य सरकार ने प्रत्येक योजना के नाम पर सिर्फ घोटाला करने का काम किया है। फिर चाहे चावल घोटाला का 5 हजार करोड़ हो, कोयला घोटाले का 540 करोड़ या फिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की साड़ी खरीदी में घोटाला हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ को लूट रही है जबकि भाजपा रिपोर्ट कार्ड दिखाकर काम करने वाली पार्टी है। नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कभी गोठान के नाम पर तो कभी अन्य योजनाओं के नाम पर मात्र घोटाला ही हुआ है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने डोंगरगढ़, खैरागढ़ सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ को विकास के नाम पर छलने का काम किया है। आज सड़कों में गड्ढे हो चुके हैं। विकास के ज्यादातर काम अवरुद्ध हैं। राज्य सरकार के कई अधिकारी घोटाले के केस में एक साल से जेल में हैं। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है। नड्डा ने इतवारी बाज़ार की सभा की। यहां रोड शो के रथ पर सांसद संतोष पांडे के साथ भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक कोमल जंघेल मौजूद रहे।
नड्डा को सांसद ने बताई रुक्खड़ बाबा की महिमा
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अपने भाषण की शुरुवात सिद्धपीठ रुक्खड़ स्वामी बाबा के जयकारे के साथ की। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को रुक्खड़ बाबा की महिमा की जानकारी सांसद संतोष पांडे ने दी। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों के दोनों ओर खड़े रहे और राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। रोड शो इतवारी बाजार की सभा के साथ छुईखदान और गंडई की ओर आगे बढ़ गई।
सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.