ग्राम कोहड़िया में करंट लगने से पिता-पुत्र की मृत्यु, खेत मालिक गिरफ्तार
दिनांक 24/08/2025 की रात्रि ग्राम कोहड़िया में टमाटर खेत में असुरक्षित तरीके से बिजली करंट लगाने से दो ग्रामीण— जहरू निषाद (60 वर्ष) एवं श्रवण निषाद (24 वर्ष) पिता–पुत्र निवासी कोहड़िया—की करंट लगने से मृत्यु हो गई।
प्रार्थी राजू निषाद द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर चौकी रणवीरपुर में मर्ग क्रमांक 38/25 एवं 39/25 कायम कर शव का पंचनामा और पीएम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में मृतकों की मृत्यु बिजली करंट लगने से होना पाया गया तथा हिस्तोपैथोलॉजी जांच हेतु त्वचा नमूना सुरक्षित किया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि ग्राम कोहड़िया निवासी विशाल पटेल (50 वर्ष) पिता स्व. चंदू पटेल* ने टमाटर की फसल की सुरक्षा हेतु अपने खेत में जमीन के समानांतर जीआई तार से असुरक्षित तरीके से करंट प्रवाहित किया था। यह जानते हुए भी कि कोई व्यक्ति खेत में प्रवेश करेगा तो उसकी जान को खतरा हो सकता है, आरोपी द्वारा यह कृत्य किया गया, जिसके कारण दोनों मृतकों की करंट लगने से मृत्यु हुई।
इस पर अपराध क्रमांक 185/25 धारा 105 बीएनएस पंजीबद्ध कर आरोपी विशाल पटेल को 26/08/2025 को 13:00 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से मेमोरेण्डम कथन लिया गया, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। घटना से संबंधित जीआई तार एवं खेत के बिजली कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज (जुलाई 2025 का बिजली बिल) जप्त किए गए हैं।
आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण की विवेचना प्रचलित है तथा घटना के वैज्ञानिक एवं तकनीकी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने शवों का पंचनामा व पीएम तत्काल कराकर, आरोपी की शीघ्र पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की और घटना से जुड़े सभी भौतिक प्रमाण जप्त किए।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.