गांव में मोबाइल तो सभी के पास है पर मोबाइल में नेटवर्क नही
महासमुंद। ग्राम कायतपाली में मोबाइल नेटवर्क की समस्या लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी बनी हुई है। लगभग यहां हजारों उपभोक्ता हैं पर मोबाइल उपभोक्ताओं को नेटवर्क की धीमी गति और अनुउपलब्ता के कारण रोजमर्रा के कामों में भारी व्यवधान का सामना करना पड़ रहा है। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में आयोजित आदि कर्म योगी सेवा योजना के दौरान भी नेटवर्क की कमी के कारण कई योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक सही से नहीं पहुंच सका।
जनपद सदस्य श्री प्रकाश सिन्हा से लेकर ग्राम पंचायत तक इस मामले पर कई बार चर्चा हुई है जिसमें उन्होंने जल्द ही समस्या का समाधान होने की बात कही है।
गांव के युवा श्रवण सिदार ने बताया कि व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल माध्यमों पर संपर्क करने के लिए भी उन्हें नेटवर्क की तलाश करनी पड़ती है, जो काफी परेशानी की बात है। वहीं, समाजसेवी ज्योती बारिक ने बताया कि जीओ और आइडीया नेटवर्क की समस्या को लेकर कई बार कस्टमर केयर से शिकायत की गई, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई।
गांव के बाहर स्थित सरायपाली और ठाकुरपाली क्षेत्रों में तो नेटवर्क सुचारू है, लेकिन कायतपाली में मोबाइल नेटवर्क का अभाव ग्रामीणों के लिए संचार की बड़ी बाधा बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कर उनका संपर्क आसान बनाया जाए।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.