पखांजूर/कांकेर से CNI NEWS शंकर सरकार की रिपोर्ट। मो-6268535584
पखांजूर नाली में तब्दील हुई सड़क।
दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा ग्रामीणों ने उठाई पक्की सड़क निर्माण की मांग।
ग्राम पंचायत पित्तेभोड़िया के आश्रित ग्राम पी.वी. 118 रतनपुर को चाणक्यपुरी धान खरीदी केंद्र और पखांजूर शहर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। लगभग दो किलोमीटर का यह महत्वपूर्ण मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण अब नाली में तब्दील हो चुका है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।
सड़क की बदहाली इतनी है कि हल्की बारिश में ही यह कीचड़ और पानी से भर जाती है। सड़क पर बने गड्ढे अब इतने गहरे हो गए हैं कि नालों का रूप ले चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस खस्ताहाल मार्ग पर रोजाना छोटी-छोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालकों का फिसलना आम बात हो गई है, वहीं पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण इस बात से गहराई से चिंतित हैं कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
धान खरीदी का सीज़न अब नज़दीक है। किसानों को मजबूरन इसी बदहाल रास्ते से होकर चाणक्यपुरी स्थित धान खरीदी केंद्र तक अपना अनाज ले जाना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीण मनोज दास, गोपाल ब्रह्मचारी, राजू नेताम, बनकेश मंडल, राजेश, आशीष समेत बड़ी संख्या में लोगों ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और इसे पक्की सड़क में बदलने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों के लिए जीवनरेखा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से गुहार लगाई है कि वे उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए, प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करें, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों की मुश्किलें कम हो सकें और संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.