मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से कन्याओं के विवाह का सपना हुआ साकार
बेटियों की गरिमा और सम्मान को मिला बढ़ावा
जिले की 996 बेटियां परिणय सूत्र में बंधकर बिता रही खुशहाल जीवन
कवर्धा, 17 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के सपनों को साकार करने में एक वरदान साबित हो रही है। विवाह के बढ़ते खर्चों के कारण जिन परिवारों को अपनी बेटियों की शादी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, उन्हें इस योजना के माध्यम से बड़ी आर्थिक और सामाजिक राहत मिली है। इस पहल ने सुनिश्चित किया है कि बेटियाँ अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर को सम्मान और गरिमा के साथ मना सकें। कवर्धा जिले में इस योजना की सफलता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जहाँ अब तक 996 कन्याओं का विवाह संपन्न हो चुका है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह योजना गरीब परिवारों के लिए कितनी उपयोगी और प्रभावशाली सिद्ध हो रही है।
योजना की रूपरेखा और लाभ
शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा 50 हजार रूपये दिया जाता है। इसमें मंगलसूत्र, वर-वधु के कपड़े, श्रृंगार सामग्री चुनरी, साफा, उपहार सामग्री और 35 हजार रूपये वधु को ड्रॉफ्ट/बैंक खाते के माध्यम से भुगतान के लिए दिये जाते हैं। यह राशि योजना को निरंतरता देने के साथ-साथ और अधिक कन्याओं के विवाह में मदद करेगी।
व्यापक सामाजिक प्रभाव और महत्व
योजना से लाभान्वित परिवारों ने शादी के बढ़ते खर्चों से मिली राहत पर संतोष व्यक्त किया है। पहले, आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार बेटियों की शादी में देरी करते थे या कठिनाइयों का सामना करते थे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इस समस्या का स्थायी समाधान प्रस्तुत किया है, जिससे निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह सरल और सम्मानजनक बना है। यह योजना न केवल आर्थिक मदद प्रदान करती है, बल्कि समाज में कन्याओं की गरिमा और सम्मान को भी सशक्त करती है। सामूहिक विवाह आयोजन व्यवस्था के माध्यम से विवाह समारोह में सामुदायिक सहभागिता बढ़ती है, जिससे समाज में सामंजस्य और भाईचारे को भी बल मिलता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में, यह पहल स्पष्ट संदेश देती है कि हर बेटी का सपना महत्वपूर्ण है और उसका विवाह आदर और सम्मान के साथ संपन्न होना चाहिए। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना वास्तव में छत्तीसगढ़ की गरीब और कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.