छात्रों की सृजनात्मकता का प्रदर्शन: बिलाईगढ़ महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी सम्पन्न
बिलाईगढ़। शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय बिलाईगढ़ में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और शोधपरक सोच को प्रोत्साहित करने हेतु विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्र के मार्गदर्शन में तथा विज्ञान विभागाध्यक्ष यू.एस. भारद्वाज (सहायक प्राध्यापक, भौतिकी) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विज्ञान के व्यावहारिक एवं अनुसंधानात्मक पहलुओं से परिचित कराना तथा उनकी सृजनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भौतिक शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, रसायन शास्त्र एवं प्राणी शास्त्र विभागों द्वारा कुल 47 कार्यशील (वर्किंग) मॉडल प्रस्तुत किए गए।
प्रदर्शनी में रॉकेट लॉन्चर, हाइड्रोपोनिक्स, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, टपक सिंचाई प्रणाली, कार्बन शुद्धिकरण, पी.सी. कल्चर, यू-टर्न रोड सुरक्षा मॉडल तथा अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल विशेष रूप से सराहे गए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को प्रभावी ढंग से समझाया तथा उपस्थित प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं आगंतुकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।
प्राचार्य डॉ. मिश्र ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं और भविष्य में इस प्रदर्शनी को और अधिक व्यापक एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रभारी वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष दीपक कुमार कुर्रे (अतिथि व्याख्याता) एवं वरिष्ठ सहायक प्राध्यापिका सुनीता विक्रम कोसले रहीं। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक पंकज साहू, अन्नू केवरा, रंगनाथ यादव, डॉ. सुमन लता राठौर, कुसुम प्रधान, टीकाराम चौहान, लेविश कुमार, गौरव शुक्ला, नैना निराला, दूज बाई भारद्वाज, रेशम चौहान, नरेंद्र राकेश एवं धनंजय कर्ष सहित विज्ञान एवं कला संकाय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
आगंतुक के रूप में जगदीश पांडे (पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष), सागर पब्लिक स्कूल के प्राचार्य, पत्रकार दीर्घा तथा विज्ञान संकाय के सक्रिय विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.