सिमगा में कृषक सलाहकार समिति के ब्लॉक अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हीरालाल साहू
बलौदाबाजार जिला कृषि विभाग सिमगा में 25 फरवरी को कृषक सलाहकार समिति के ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में समिति के सभी 22 सदस्यों ने भाग लिया। चर्चा और सहमति के बाद सर्वसम्मति से हीरालाल साहू (ग्राम चंदिया पथरा) को सिमगा ब्लॉक कृषक सलाहकार समिति का नया अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
बैठक का वातावरण सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रहा। सदस्यों ने एकमत होकर कहा कि समिति का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में होना चाहिए जो किसानों की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करे। इसी विश्वास के साथ हीरालाल साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष हीरालाल साहू ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समिति की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, उन्नत बीज, जैविक खेती, सिंचाई प्रबंधन तथा फसल विविधीकरण जैसी योजनाओं के प्रति जागरूक करना होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि युवा सोच को बढ़ावा देते हुए खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि किसान पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता अभियान और विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं को विभाग तक पहुंचाकर त्वरित समाधान कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में सिमगा ब्लॉक के किसान नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.