भारत सरकार नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर ने देखा आकांक्षी विकासखंड बोड़ला के कार्य
आकांक्षी विकासखंड बोड़ला में कलेक्टर द्वारा किए जा रहे योजनाबद्ध कार्यों का निरीक्षण कर की प्रशंसा
आंगनवाड़ी केंद्र ,स्कूल, उप स्वास्थ्य केंद्र पीएम जनमन आवास सहित महिला स्व सहायता समूह के कार्यों किया निरीक्षण
कवर्धा, 28 फरवरी 2026। भारत सरकार नीति आयोग के केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर आकांक्षी विकासखण्ड बोड़ला संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत कराये जा रहे विभिन्न विभागीय कार्यों के जमीनी अवलोकन के लिए दो दिवसीय प्रवास पर आकांक्षी विकासखंड बोड़ला पहुंचे।
प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा से सौजन्य मुलाकात की गई। कलेक्टर द्वारा नीति आयोग के विभिन्न सूचकांको पर आकांक्षी विकासखण्ड बोड़ला में किये जा रहे कार्यो की विस्तार से जानकारी दी । साथ ही बताया गया कि जिला प्रशासन के विभिन्न प्रयासों जैसे सरोवर समृद्धि योजना को भारत सरकार नीति आयोग द्वारा अपने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जगह देते हुए सराहा गया है।
प्रभारी अधिकारी श्री टोन्डर ने राजानवागांव के मल्टी यूटिलिटी सेंटर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान‘ की महिला स्व सहायता समूह द्वारा कराये जा रहे विभिन्न सामग्री निर्माण को देखकर जानकारी ली। दोना पत्तल निर्माण, आचार, पापड़ निर्माण, कोदो, कुटकी, रागी एवं अन्य मिलेट सामग्रियों से निर्मित खाद्य पदार्थो को चखा और स्वाद और गुणवत्ता की तारीफ की। हर्बल गुलाल, धूप बत्ती, अगरबत्ती जैसे अन्य उपयोगी सामग्रियों एवं उसकी पैकेजिंग के कार्य का अवलोकन किया। कम्युनिटी फॉर्मिंग के तहत सब्जी उत्पादन की जानकारी ली गई, जिसमें समूह द्वारा मटर, फूल गोभी, आलू उत्पादन से संबंधित पूरी जानकारी देकर बताया गया कि समूह को इस कार्य से आर्थिक लाभ हो रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल भी उपस्थित रहें।
सीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि हर्बल गुलाल की मांग जिले में लगातार बनी हुई है और इससे समूह को 70 से 80 हजार रूपये की आमदनी हो रही है। ग्राम राजानवागांव में महिला समूह द्वारा संचालित बिहान कैन्टीन का निरीक्षण भी किया गया। उप स्वास्थ्य केन्द्र छपरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण भी किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र अंतर्गत 4 ग्राम पंचायत, 9 गांव एवं 4 आंगनबाड़ी केन्द्र में सेवा प्रदान की जाती है। सभी रोगो के प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव आदि की जानकारी दी गई। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संतोषी धुर्वे से विभाग द्वारा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।
प्रवास के दौरान बोड़ला क्षेत्र के वनांचल ग्राम चिल्फी के आंगनबाड़ी केन्द्र क्र.5 में पहुंच कर नंद घर का अवलोकन किया गया। विकासखण्ड परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा बताया गया कि केन्द्र अंतर्गत कोई भी बच्चा कुपोषण की श्रेणी में नहीं है। बच्चों को केन्द्र में प्राथमिक शिक्षा के साथ गरम भोजन मेन्यू अनुसार प्रतिदिन प्रदाय किया जाता है। मीठा दलिया, नमकीन दलिया, तिथि भोज का आयोजन जैसे अन्य विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। बच्चों द्वारा गाना गाकर खेल-खेल में पढ़ाई कराने की प्रशंसा की गई श्री राकेश कुमार टोन्डर द्वारा द्वारा सुझाव दिया गया कि क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को ऐसे ही शिक्षा दिया जाए।
आकांक्षी विकासखंड बोड़ला अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों को देखने के लिए स्वामी आत्मानंद स्कूल चिल्फी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा जल शुद्धिकरण, जल प्रदूषण, चन्द्रयान 3.0, सोलर सिस्टम, हृदय के काम करने की प्रक्रिया के साथ अन्य उपयोगी वस्तुओं के निर्माण से संबंधित प्रोजेक्ट का अवलोकन केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत द्वारा किया गया। प्रोजेक्ट पर स्कूली बच्चों ने विस्तार से जानकारी दी। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर द्वारा शिक्षा गुणवत्ता, शैक्षणिक गतिविधियों, एवं स्कूल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली गई। तथा स्कूल का निरीक्षण कर सभी शिक्षकों से चर्चा की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों के साथ संवाद का कार्यक्रम करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी की जानकारी प्राप्त की गई। बच्चों को संबोधित करते हुए श्री राकेश कुमार टोन्डर ने कहा कि वह भी कवर्धा के स्वामी करपात्री जी महाराज स्कूल से शिक्षा ग्रहण किए हैं। कड़ी मेहनत कर आज डायरेक्टर इंडस्ट्रीज के पद पर नई दिल्ली में पदस्थ है। सभी बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करते हुए कड़ी मेहनत कर जीवन मे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
ग्राम पंचायत ढ़ोलबज्जा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना अंतर्गत हितग्राही रामनाथ, सुकरतीन बाई बैगा, मेघनाथ, संतराम मेरावी के आवास का निरिक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का भी निरिक्षण किया गया। ग्राम ढ़ोलबज्जा में जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह द्वारा सूपा, टोकरी, झाडू निर्माण के कार्य को देखा गया। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी ने विभिन्न समूहों द्वारा किये जा रहे उत्पादनों को बाजार तक लाने के संबंध में चर्चा की गई जिस पर सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल द्वारा बताया गया कि समूह द्वारा विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर आउटलेट्स द्वारा विक्रय किया जा रहा है तथा भविष्य में समूह के उत्पादनों को विशेष कर कोदो कुटकी एवं मिलेट से बने खाद्य सामग्री एवं ऑर्गेनिक पोहा आनलाइन के माध्यम से विक्रय करने की योजना तैयार की जा रही है। नीति आयोग द्वारा ग्राम पोड़ी में कराये गये सरोवर समृद्धि योजना अंतर्गत तालाब गहरीकरण के कार्य का निरिक्षण किया गया। तालाब गहरीकरण के संबंध में जानकारी देते हुए सीईओ जिला पंचायत द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 58 तालाबों को गहरीकरण किया जाना प्रस्तावित है जिनमें से 27 कार्य पूर्ण हो चूके है तथा प्रत्येक कार्य 3 लाख रूपये की लागत से सम्पन्न हो रहा है। गहरीकरण हुए 16 तालाबों में बिहान के महिला स्व सहायता समूह द्वारा मत्स्य पालन कर आजीविका की गतिविधि से जुड़ी है और इन्हे मत्स्य पालन विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने आकांक्षी विकासखंड बोडला में कलेक्टर के निर्देशानुसार कराए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग, सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत, सहायक प्रसार प्रसार अधिकारी, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, जिला मिशन प्रबधंक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित जनपद पंचायत बोड़ला के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.