डॉ.माधव व उनकी बेटी कीर्ति प्रजापति नेपाल में सम्मानित*
उत्तर प्रदेश (भारत) के सुप्रसिद्ध कवि, समाजसेवक एवं शिक्षाविद् डॉ. सन्तोष कुमार माधव तथा उनकी बड़ी बेटी कीर्ति प्रजापति बाल कवयित्री को नेपाल की राजधानी काठमांडू में मातृभाषा रत्न अंतर्राष्ट्रीय मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।
यह गरिमामयी सम्मान नेपाल की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा प्रदान किया गया। समारोह का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री विकास, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन, हिंदी-नेपाली जैसी मैत्री भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ देश-विदेश के कवि, लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर नेपाल, भारत सहित पाँच देशों की लगभग एक हजार साहित्यिक एवं शैक्षिक प्रतिभाओं को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि तथा मातृभाषा गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में कस्बा कबरई जनपद महोबा उत्तर प्रदेश (भारत) के विख्यात शिक्षक साहित्यकार डॉ. सन्तोष कुमार माधव तथा उनकी पुत्री कीर्ति प्रजापति को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक, शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. सन्तोष कुमार माधव उत्तर प्रदेश के चर्चित कवि, शिक्षक, समाजसेवी एवं साहित्यिक संपादक हैं। उनकी 6 एकल कृतियाँ, 35 से अधिक साझा संग्रह प्रकाशित हो चुकी हैं तथा 2025 में 2 पुस्तकों का सम्पादन भी किया है। डॉ.माधव ने कई नवीन छन्दों का अन्वेषण करने के साथ ही कुछ शोध भी अपने नाम किए हैं। आकाशवाणी केन्द्र छतरपुर (म.प्र.) से समय-समय पर आपके गीत प्रसारित होते रहते हैं। वहीं डॉ.माधव की ज्येष्ठ पुत्री कीर्ति प्रजापति ने भी पिता के नक्शे कदम पर चलकर साहित्य के क्षेत्र में हाथ आजमा रही हैं। फिलहाल कीर्ति अभी कस्बे के ही परिषदीय विद्यालय कं.पू.मा.वि.कबरई में कक्षा 8 वीं की छात्रा हैं और इतनी कम उम्र में 5 साझा संकलनों में सहभागिता के साथ-साथ कई मंचों में ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रस्तुति दे चुकी हैं। कीर्ति के इसी साहित्य प्रेम को देखते हुए पिता के साथ उन्हें भी नेपाल में सम्मानित किया गया है। आप दोनों विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हैं और इससे पूर्व भी आपको अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
सम्मान अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने बधाई देते हुए कहा कि शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन का उद्देश्य प्रतिभाशाली रचनाकारों को प्रोत्साहित कर उनमें नव ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि डॉ. सन्तोष कुमार माधव जैसे लोकप्रिय शिक्षक एवं संवेदनशील साहित्यकार और बाल कवयित्री कीर्ति प्रजापति का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना अत्यन्त गौरव का विषय है। उनकी रचनाएँ समाज को सकारात्मक दिशा और प्रेरक सन्देश देती हैं।
पिता-पुत्री के एक साथ सम्मानित होने की सूचना मिलते ही साहित्यिक जगत में हर्ष का वातावरण है। उनके शुभचिन्तकों, मित्रों एवं साहित्यप्रेमियों ने उन्हें बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.