बंधक बनाकर वसूली की साजिश रचने के छह आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - लगभग दो लाख रूपये की लेन देन विवाद के चलते सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दो व्यक्तियों के अपहरण कर बंधक बनाकर वसूली की साजिश रचते छह आरोपियों को थाना आजाद चौक पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं शेष फरार आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इस किडनैपिंग मामले का खुलासा करते हुये प्रेस वार्ता में पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने बताया गत दिवस 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत घोराही तालाब रामकुंड क्षेत्र में दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुये तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिये गये। एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा एवं एसीपी इशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक की टीम तत्काल मौके के लिये रवाना की गई। क्षेत्र की घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से सघन तलाशी ली गई। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में रेड कार्रवाई की गई , जहां से जीवन यदु(धमतरी) एवं राकेश शर्मा (धमतरी) को सकुशल मुक्त कराया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लगभग दो लाख रुपये के लेन-देन विवाद के चलते आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों को करबला तालाब के पास से अगवा कर बंधक बना लिया था। हथियारों के बल पर मारपीट कर जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराये गये तथा नगद राशि , बैंक दस्तावेज , मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल लूट ली गई। पुलिस की त्वरित रणनीतिक कार्यवाही से एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया। लगातार दबिश एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने छह आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 42/2026 अंतर्गत धारा 308(5) , 296 , 351(3) , 127(8) , 115(2) , 117(2) , 61 , 140(1) , 310(2) , 111 बीएनएस एवं 25 , 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना आजाद चौक पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश जारी है। आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद , 02 पिस्टल , 02 जिंदा कारतूस एवं 06 मोबाइल फोन जप्त किये गये हैं। आरोपी हरिओम सोनकर के विरुद्ध 14 पूर्व आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है , जबकि अन्य प्रमुख आरोपी भी पूर्व में जेल निरुद्ध रह चुके हैं। इस प्रकरण को सुलझाने में थाना प्रभारी आजाद चौक अजीत सिंह राजपूत , उपनिरीक्षक लेखन सिंह वर्मा , प्रधान आरक्षक नोहर देशमुख , आरक्षक दीपक सेन , गुलशन साहू , विनोद दुबे , मुकेश पांडेय और सचित शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपीगण -
कामरान अब्बास पिता अन्नूहसन उम्र 29 वर्ष निवासी - शिव नगर हाण्डीपारा , थाना - आजाद चौक रायपुर , नवीन उर्फ नन्नू ढीमर पिता शैलेन्द्र ढीमर उम्र 19 वर्ष निवासी - रामकुण्ड यूनियन क्लब पास , थाना - आजाद चौक रायपुर , लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन पिता राजू निषाद उम्र 19 वर्ष निवासी - रामकुण्ड सतबहनिया मंदिर के पास , थाना - आजाद चौक रायपुर , राकेश धीवर पिता रवि धीवर उम्र 24 वर्ष निवासी - रामकुण्ड खाटू श्याम मंदिर होरीलाल डेयरी के पास , थाना - आजाद चौक रायपुर , अनिल धीवर पिता बलीराम धीवर उम्र 30 वर्ष निवासी - रामकुण्ड खाटू श्याम मंदिर होरीलाल डेयरी के पास , थाना - आजाद चौक रायपुर और हरिओम सोनकर पिता स्व. रामलाल सोनकर उम्र 47 वर्ष निवासी - रामकुण्ड यूनियन क्लब पास , थाना - आजाद चौक रायपुर (छत्तीसगढ़)।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.