सारंगढ़ में आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, 140 लीटर अवैध शराब जब्त
तीन आरोपी गिरफ्तार, शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त
सारंगढ़। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 140 लीटर अवैध शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक प्रकरण में शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक कामिल हक के मार्गदर्शन में की गई।
पहले प्रकरण में अप.क्र. 94/2026 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत 28 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कमलानगर क्षेत्र में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी दिलीप यादव (33 वर्ष) एवं जय सिदार (40 वर्ष) के कब्जे से प्लास्टिक डिब्बों में भरी 135 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये है, जब्त की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दूसरे प्रकरण में अप.क्र. 95/2026 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत 28 फरवरी 2026 को आरोपी प्रमोद कुमार निराला (27 वर्ष), निवासी लेंध्रा छोटे, थाना सारंगढ़ को मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स क्रमांक सीजी-13आर-8476 में अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा गया। आरोपी के पास से 4.680 लीटर देशी मदिरा (कीमत 2080 रुपये) एवं 900 एमएल अंग्रेजी शराब (कीमत 1000 रुपये) कुल 5.580 लीटर शराब (कुल कीमत 3080 रुपये) बरामद की गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कामिल हक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.