ग्राम पंचायत बिलाड़ी में पहली बार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह
तिल्दा नेवरा > ग्राम पंचायत बिलाड़ी में इस वर्ष होली का पर्व विशेष उत्साह और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। पहली बार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसने पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना दिया यह आयोजन
तिल्दा नेवरा के समीपस्थ ग्राम बिलाड़ी में सरपंच दुलौरिन गौर सिंह धुरु के नेतृत्व में उनके निज निवास पर रविवार, एक मार्च को दोपहर 3 बजे किया गया। कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और उत्साहपूर्वक इस आयोजन को सफल बनाया।
सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश
रंगों का महापर्व होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना को साकार करते हुए ग्राम पंचायत बिलाड़ी के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों की महिलाओं व पुरुषो ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं। वातावरण पूरी तरह रंगमय और उत्सवधर्मी बना रहा।
सरपंच दुलौरिन गौर सिंह धुरु ने अपने प्रथम कार्यकाल में गांव की महिलाओं के साथ यह पहल करते हुए एक नई परंपरा की शुरुआत की। उन्होंने महिलाओं का सम्मान कर यह संदेश दिया कि ग्राम विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे सामाजिक एकता की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।
महिलाओं की रही विशेष भागीदारी कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि गांव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने पारंपरिक गीतों और होली के लोक रंगों के साथ आयोजन में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने इस पहल के लिए सरपंच का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
ग्रामवासियों ने की सराहना
होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया और एकजुटता का परिचय दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन गांव में आपसी मेलजोल को बढ़ाते हैं और नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
जनप्रतिनिधियों का रहा सक्रिय योगदान
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि गौर सिंह धुरु सहित रोहित यदु, फिरोज पोर्ते, रामकरण निषाद, रमेश यदु, संतरू पाल एवं समस्त पंचगणों का विशेष योगदान रहा। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
ग्राम विकास की दिशा में सकारात्मक पहल
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्राम पंचायत बिलाड़ी द्वारा आयोजित यह पहला होली मिलन समारोह न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इसने गांव में एक नई परंपरा की नींव भी रखी है।
ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार हर्षोल्लास और एकजुटता के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा तथा ग्राम विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.