रोहरा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रोहरा के श्रीराम मंदिर परिसर में संकल्प रक्तदाता सेवा संस्थान द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में रक्तदान किया। शिविर में उपस्थित युवाओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाजहित में आगे आकर अपनी सहभागिता निभाई।
संकल्प रक्तदाता सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। संस्थान द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे जरूरतमंदों की सहायता की जा सके और समाज में मानवता का संदेश फैलाया जा सके।
रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। संस्थान की ओर से रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को हेलमेट भेंट किए गए, ताकि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैला सकें। इसके साथ ही दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए टिफिन रखने के लिए बैग भी प्रदान किए गए। रक्तदाताओं के लिए शिविर स्थल पर स्वल्पाहार एवं फलों की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर संकल्प रक्तदाता सेवा संस्थान के अध्यक्ष पीलुराम वर्मा (टिकुलिया) ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में नानक साहू, शुभम वर्मा, निहाल साहू, संजू वर्मा, उमेश वर्मा, इंद्रकुमार ध्रुव, कोमल साहू, निखिल हरि, वीणा निषाद, श्वेता वर्मा, गोपाल शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष सिमगा संतोष साहू, सरपंच प्रतिनिधि कुलेश्वर वर्मा, लक्ष्मण कुमार वर्मा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं रक्तवीर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.