दिल्ली में सम्मानित हुए सिलयारी वितरण केंद्र के लाइनमेन अर्जुन वर्मा, बेस्ट लाइनमेन अवार्ड से नवाजे गए
तिल्दा नेवर > छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के ओ एंड एम डिवीजन रायपुर अंतर्गत तिल्दा उपसंभाग के सिलयारी वितरण केंद्र में पदस्थ लाइनमेन अर्जुन वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत सरकार की केंद्रीय पावर कंपनी द्वारा “बेस्ट लाइनमेन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान दिल्ली में आयोजित “लाइनमेन दिवस” समारोह के दौरान उन्हें प्रदान किया गया।
ग्राम तर्रा निवासी अर्जुन वर्मा को यह सम्मान विद्युत व्यवस्था के रखरखाव में उनकी दक्षता, सजगता और समर्पण को देखते हुए दिया गया। तिल्दा उपसंभाग क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों के रखरखाव, हाईटेंशन (एचटी) लाइनों की देखरेख तथा विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण करना और लोगों के साथ सरल व मधुर व्यवहार बनाए रखना भी उनके कार्यों की विशेषता रही है।
अर्जुन वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सहकर्मी लाइनमेन साथियों, तिल्दा उपसंभाग के कनिष्ठ अभियंताओं की टीम भावना और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से कार्यपालन अभियंता डी.के. वर्मा तथा अभियंता जितेंद्र कुमार गजेन्द्र के कुशल मार्गदर्शन को अपनी सफलता का प्रमुख आधार बताया। इसके साथ ही उन्होंने अपने माता-पिता के आशीर्वाद, ईश्वर की कृपा और धर्मपत्नी के सहयोग को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण कारण माना।
अर्जुन वर्मा की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के साथ ही संचारण-संधारण संभाग रायपुर और तिल्दा क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता से अन्य युवा विद्युत कर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित होकर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर तिल्दा उपसंभाग के सभी कनिष्ठ अभियंताओं और विद्युत कर्मचारियों ने अर्जुन वर्मा का स्वागत कर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार वर्मा, हरीश ठाकुर, धीरेन्द्र साहू सहित समस्त लाइनमेन कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए गर्व व्यक्त किया।
अर्जुन वर्मा ने सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ काम करने से ही किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ उपभोक्ताओं की सेवा करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.