दिनांक : 09.04.2026
जिला : विदिशा
मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) भर्ती - 2026 के प्रचार हेतु विदिशा में पुलिस बैंड का आकर्षक प्रदर्शन
पुलिस महानिदेशक के आह्वान पर बैंड के माध्यम से भर्ती प्रचार, देशभक्ति धुनों पर थिरके पुलिस अधिकारी/कर्मचारी
मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक (बैंड) भर्ती वर्ष 2026 के अंतर्गत 679 पदों पर चल रही सीधी भर्ती प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आज दिनांक 09.04.2026 को विवेकानंद चौराहा (ईदगाह), विदिशा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना जी के आह्वान पर एवं पुलिस अधीक्षक, विदिशा श्री रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान 7वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल, भोपाल के पुलिस बैंड दल द्वारा आकर्षक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस दौरान उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक थिरकते हुए सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम में और अधिक ऊर्जा एवं आकर्षण देखने को मिला।
साथ ही, बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं एवं आमजन को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा उन्हें आवेदन हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री मुकेश टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, थाना कोतवाली प्रभारी श्री आनंद राज, थाना सिविल लाइन प्रभारी श्री आर.के. मिश्र, यातायात थाना प्रभारी श्री आशीष राय एवं रक्षित निरीक्षक श्री भूर सिंह चौहान सहित बैंड स्टाफ, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आरक्षक (बैंड) के 679 पदों पर भर्ती हेतु आवेदन 05.04.2026 से 19.04.2026 तक एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकते हैं।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.