सुहेला में वृद्धजनों का सम्मान, सेवा का लिया संकल्प
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत वृद्धजन परिवार फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर कुर्मी समाज सामुदायिक भवन, सुहेला में मातृ-पितृ सम्मान एवं वृद्धजन सेवा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 50 से अधिक बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, हाथछड़ी, श्रीफल एवं पानी की बोतलें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उत्तम कुमार हरेंद्र ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि वृद्ध माता-पिता की सेवा और सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि माता-पिता हमारी अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा ही सच्ची ईश्वर पूजा है। उन्होंने चिंता जताई कि जिन माता-पिता ने जीवनभर अपने बच्चों का पालन-पोषण किया, वही आज कई स्थानों पर अकेलेपन का सामना कर रहे हैं।
इस दौरान हेल्पेज इंडिया के राज्य प्रमुख शुभंकर विश्वास ने एक व्हीलचेयर एवं छह हाथछड़ियां प्रदान करते हुए कहा कि वृद्धजनों के जीवन को सरल और सम्मानजनक बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि, बलौदा बाजार जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि वृद्धजन अनुभव का भंडार होते हैं और संतान चाहे कितनी भी ऊंचाई प्राप्त कर ले, माता-पिता के लिए वे हमेशा छोटे बच्चे ही रहते हैं।
दुर्गा वाहिनी की प्रांत सह-संयोजिका भारती सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य पूंजी हैं, जिनका सम्मान घर के भीतर ही सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने वर्तमान समय में संस्कारों की कमी पर चिंता जताई।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी योगेश त्रिवेदी ने कहा कि दूसरों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना से ही समाज का संतुलन बना रहता है।
जनपद सदस्य भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि बच्चे वही व्यवहार सीखते हैं, जो वे अपने परिवार में देखते हैं। वहीं पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने वृद्धजनों को समाज का आधार बताते हुए उनकी उपेक्षा पर चिंता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उपसरपंच देवा घृतलहरे का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर ग्राम पटेल रेवाराम साहू, भावेश साहू, कृष्ण मोहन ठाकुर, घनश्याम शर्मा, बालाराम वर्मा, इंदल दास मानिकपुरी, भुलऊ राम पाल, दानी प्रसाद शर्मा, होल सिंह वर्मा, इतवारी पाल एवं मदन यादव सहित बड़ी संख्या में वृद्धजन उपस्थित रहे।
*CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.