अक्ति-तिहार पर मंत्री टंक राम वर्मा को दी गई शुभकामनाएं, कोलकाता रवाना होते समय जनप्रतिनिधियों ने दी विदाई
छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोक पर्व अक्ति-तिहार के पावन अवसर पर क्षेत्र में उत्साह और पारंपरिक आस्था का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा से सौजन्य भेंट कर उन्हें अक्ति-तिहार की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की गई।
अक्ति-तिहार, जिसे किसानों के नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है, छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान ग्रामीण अंचलों में विशेष रूप से पुतरा-पुतरी विवाह की परंपरा निभाई जाती है और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं एकजुटता का संदेश दिया जाता है। इसी कड़ी में जम्मो छत्तीसगढ़िया संगी-संगवारी मन ला किसानी के नवा बछर, लोक पर्व अक्ति-तिहार अउ पुतरा-पुतरी बिहाव के गाड़ा-गाड़ा बधई एवं शुभकामनाएं” का संदेश भी साझा किया गया।
इस दौरान मंत्री जी ने भी क्षेत्रवासियों को अक्ति-तिहार की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराएं ही यहां की असली पहचान हैं, जिन्हें सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इसी अवसर पर, जब माननीय मंत्री टंक राम वर्मा कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के लिए रवाना हो रहे थे, तब उन्हें जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मीय विदाई दी गई। विदाई के इस मौके पर जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलत राम पाल, सरपंच नयापारा डोमार मारकंडे, उपसरपंच लोकनाथ वर्मा, बूथ अध्यक्ष राजू तिवारी, सहकारी समिति हथबंद के धन्ना निषाद एवं कौशल धनकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने मंत्री जी को शुभ यात्रा की मंगलकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा के कार्यों में सफलता की कामना की। इस दौरान माहौल पूरी तरह आत्मीय और उत्साहपूर्ण रहा, जहां जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री जी के प्रति अपने विश्वास और सम्मान को प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान यह स्पष्ट रूप से देखने को मिला कि क्षेत्र में मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति लोगों का गहरा जुड़ाव और समर्थन बना हुआ है। उनकी सक्रियता और विकास कार्यों के चलते वे लगातार जनता के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं।
CNI News सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.