मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से संवर रहा है बेटियों का भविष्य ।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी । रायपुर- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना श्रमिक परिवारों की बेटियों के भविष्य को नई दिशा दे रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए सहायता प्रदान की जा रही है।
आरंग विकासखण्ड के ग्राम पलौद निवासी श्री कमल पटेल भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। श्री पटेल छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण उन्हें अपनी पुत्री की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी दौरान उन्होंने जिला श्रम कार्यालय रायपुर से संपर्क किया, जहां उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी दी गई। आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उनकी पुत्री के खाते में डीबीटी माध्यम से 20 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे जमा की गई।
श्री कमल पटेल ने बताया कि इस सहायता राशि से वे अपनी बेटी की आगे की पढ़ाई में सहयोग कर पाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का संचालन श्रम विभाग एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाता है। योजना के तहत तीन वर्ष पूर्व पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पहली दो अविवाहित बेटियों, जिनकी आयु 18 से 21 वर्ष के बीच हो और जिन्होंने कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो, को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास अथवा विवाह हेतु 20 हजार रुपए की एकमुश्त सहायता प्रदान की जाती है।
योजना के आवेदन हेतु श्रमिक पंजीयन कार्ड , पुत्री का आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति , जन्म प्रमाणपत्र दसवीं की अंक सूची, नियोजन प्रमाणपत्र आवश्यक है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.