चौहरे हत्याकांड का आरोपी पिता पुत्र गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - जमीन विवाद में एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल ने बताया आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि शिवरीनारायण थाना अंतर्गत पुलिस सहायता केन्द्र राहौद क्षेत्र के ग्राम भंवतरा में अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस , एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने घटनास्थल पहुंचकर तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिये। जांच के दौरान पुलिस एवं साइबर टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी* सामने आया कि आरोपी सोनसाय कश्यप पूर्व में वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और करीब दो वर्ष पूर्व जेल से रिहा होकर आया था। जेल से लौटने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप से जमीन को लेकर विवाद चलता रहता था। मृतक की रिपोर्ट पर पूर्व में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई थी। पुलिस आरोपी पिता-पुत्र दोनो को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही कर रही है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.