बीमारी का झांसा देकर लाखों रूपये ठगी करने के तीन आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
राजनांदगांव - इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा देकर और पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर भावनात्मक बातों में फंसाकर अलग - अलग किश्तों में तीन लाख रूपये की ठगी करने के दो महिला सहित तीन आरोपियों को थाना बसंतपुर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहा से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसकी पहचान माह अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर , कविता उर्फ दामिनी तथा सोनल उर्फ बबीता से हुई थी। पहचान बढ़ने के बाद आरोपीगण द्वारा प्रार्थी से मोबाइल के माध्यम से लगातार बातचीत की जाने लगी। बातचीत के दौरान आरोपीगण द्वारा स्वयं को ब्लड कैंसर , माईग्रेन एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित होना तथा परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जाना बताया गया। आरोपीगण द्वारा कभी मां एवं बहन को पैसे देने , तो कभी राशन एवं ईलाज के नाम पर प्रार्थी से रकम की मांग की जाती रही। प्रार्थी आरोपीगण की झूठी एवं भावनात्मक बातों में आकर अलग-अलग किश्तों में कुल 3,00,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका था। बाद में स्वयं के साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी मिलने पर जब प्रार्थी द्वारा अपनी रकम वापस मांगी गई , तब आरोपीगण द्वारा उसे झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जाने लगी।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 244/2026 धारा 318(4) , 308 , 351(2) , 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आरोपीगण की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु दिशा-निर्देश प्राप्त हुये। निरीक्षक एमन साहू थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर आरोपीगण के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर , कविता उर्फ दामिनी तथा सोनल उर्फ बबीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई , जिसमें उन्होंने अपना अपराध करना स्वीकार किया। आरोपीगण के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 नग मोबाइल फोन जप्त किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना बसंतपुर पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू , उनि. इब्राहिम खान , प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल , महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू , महिला आरक्षक राजश्री मरकाम , अनुपमा चन्द्रवंशी एवं थाना स्टॉफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण -
मोनू कुमार चिरावतकर पिता अशोक कुमार उम्र 35 वर्ष , कविता उर्फ दामिनी पिता संजय उर्फ सोनू उम्र 19 वर्ष और सोनल उर्फ बबीता पिता संजय उर्फ सोनू उम्र 22 वर्ष तीनों निवासी ग्राम - टेडेसरा , थाना - सोमनी , जिला - राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.