दिनांक : 08 जून 2026
जिला : विदिशा
मासूम की मुस्कान लौटाई: सिरोंज पुलिस ने 3 वर्षीय गुमशुदा बालिका को सकुशल माता-पिता से मिलाया
संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल बनी सिरोंज पुलिस, दो घंटे के भीतर परिजनों को सौंपा नन्हीं बालिका को
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिरोंज पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता एवं मानवीय दायित्व का परिचय देते हुए एक 3 वर्षीय गुमशुदा बालिका को उसके माता-पिता से सकुशल मिलाकर परिवार की खुशियां वापस लौटा दीं।
दिनांक 07 जून 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे सूचनाकर्ता श्री सुरेश शर्मा निवासी सिरोंज द्वारा सूचना दी गई कि न्यायालय सिरोंज के सामने एक लगभग 3 वर्षीय बालिका रोते हुए अपनी मां को पुकार रही है तथा उसके आसपास कोई परिजन मौजूद नहीं है। सूचना प्राप्त होते ही थाना सिरोंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सिरोंज लेकर आई।
थाना पुलिस द्वारा बालिका से प्रेमपूर्वक बातचीत कर उसका नाम एवं अन्य जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद बालिका के परिजनों की तलाश हेतु पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए नगर सिरोंज एवं आसपास के संभावित क्षेत्रों में खोजबीन प्रारंभ की। साथ ही विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में बालिका का फोटो प्रसारित किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर लोगों को बालिका का फोटो दिखाकर उसके परिजनों की पतारसी की गई।
पुलिस की त्वरित एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप दोपहर लगभग 3:00 बजे बालिका के माता-पिता, निवासी ग्राम छवड़ा, राजस्थान, हाल निवासी तलैया मोहल्ला सिरोंज का पता लगाया गया। आवश्यक सत्यापन उपरांत बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
अपनी पुत्री को सकुशल वापस पाकर माता-पिता भावुक हो उठे तथा उन्होंने सिरोंज पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सिरोंज, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा, आरक्षक अरुण विश्वकर्मा एवं आरक्षक विष्णु तोमर की इस कार्यवाही में विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
विदिशा पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.