दिनांक : 17 जून 2026
जिला : विदिशा
हत्या के प्रकरण में 3 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को नटेरन पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गंजबासौदा श्रीमती शिखा भलावी के मार्गदर्शन में थाना नटेरन पुलिस ने हत्या के एक प्रकरण में फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है।
घटना का विवरण:
दिनांक 30 मार्च 2026 को थाना कोतवाली, जिला विदिशा से मर्ग क्रमांक 00/44/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत एक मर्ग डायरी थाना नटेरन को प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के अनुसार नंदकिशोर शर्मा पिता बृजमोहन शर्मा, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कालू आमखेड़ा, थाना नटेरन, जिला विदिशा की करंट लगने से मृत्यु होना बताया गया था।
मर्ग डायरी प्राप्त होने पर थाना नटेरन में असल मर्ग क्रमांक 15/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होना पाई गई। विस्तृत जांच उपरांत आरोपीगण कोमल प्रसाद शर्मा, चुन्नीलाल एवं संदीप शर्मा निवासी ग्राम कालू आमखेड़ा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण दर्ज होने के पश्चात आरोपी कोमल प्रसाद शर्मा लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक विदिशा द्वारा उस पर 3,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी:
गठित पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरार इनामी आरोपी कोमल प्रसाद शर्मा पिता हरिशंकर शर्मा, उम्र 77 वर्ष, निवासी ग्राम कालू आमखेड़ा, थाना नटेरन, जिला विदिशा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका:
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नटेरन निरीक्षक मोहर सिंह मंडेलिया, प्रधान आरक्षक नरसिंह यादव, आरक्षक धर्मेन्द्र अहिरवार, आरक्षक सत्यवीर एवं आरक्षक गौरव शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.