दिनांक : 18 जून 2026
जिला : विदिशा
बिछड़ी बेटी को मिला अपनों का साथ: करारिया चौराहा पुलिस की संवेदनशील पहल से परिवार में लौटी खुशियां
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में थाना करारिया चौराहा पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक बिछड़ी हुई युवती को उसके परिजनों से सकुशल मिलाया गया।
विदिशा मध्यप्रदेश। दिनांक 17.06.2026 को थाना करारिया चौराहा पुलिस को एक अज्ञात युवती मिली, जो बोलने एवं समझने में असमर्थ होने के कारण अपना नाम एवं पता बताने में सक्षम नहीं थी। युवती की स्थिति को देखते हुए थाना पुलिस ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ उसकी पहचान स्थापित करने तथा परिजनों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास प्रारंभ किए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा आसपास के ग्रामों एवं संभावित क्षेत्रों में जानकारी एकत्रित की गई तथा विभिन्न माध्यमों से युवती के संबंध में सतत खोजबीन की गई। पुलिस के अथक प्रयासों एवं निरंतर मेहनत के फलस्वरूप युवती की पहचान ग्राम लश्करपुर निवासी 23 वर्षीय युवती के रूप में हुई।
इसके उपरांत थाना पुलिस द्वारा तत्काल उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर युवती को उसके पिता एवं परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे तथा उन्होंने करारिया चौराहा पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता एवं मानवीय व्यवहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह सराहनीय कार्य विदिशा पुलिस की जनसेवा, मानवीय मूल्यों एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
महत्वपूर्ण भूमिका:
थाना प्रभारी करारिया चौराहा सीमा राय, सउनि धर्मजीत सिंह गौतम(चौकी प्रभारी कागपुर), म.आर. अंकिता शर्मा एवं म.आर. रक्षा राजपूत की अहम भूमिका रही।
विदिशा पुलिस — आपकी सुरक्षा एवं सेवा में सदैव तत्पर।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.