शहर के आउटर इलाकों में पुलिस बल के साथ खुद घूमे पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस), नशे और असामाजिक गतिविधियों पर कसा शिकंजा
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने दिया सख्त संदेश, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालो और यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह स्वयं मैदान में उतरकर विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रहे है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने घोठिया रोड सहित कवर्धा शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं सुनसान क्षेत्रों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुनसान स्थानों पर बैठकर शराब सेवन करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की गई तथा उन्हें थाना लाकर आवश्यक समझाइश दी गई। साथ ही ऐसे लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन से होने वाले सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने कहा कि कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। नशे, असामाजिक गतिविधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आमजन में विश्वास बढ़ाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने आगे कहा कि देर रात सुनसान स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने वाले लोगों की नियमित निगरानी की जा रही है। ऐसे स्थानों पर संभावित अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त, चेकिंग एवं निगरानी अभियान चला रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालो पर की गई चालानी कार्यवाही
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। मॉर्डिफ़ाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों, बिना नम्बर प्लेट के वाहन संचालित करने वालों तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.