खाद संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, सोमवार तक खाद नहीं मिला तो मंगलवार से धरना — मोक्ष कुमार प्रधान
महासमुंद / बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण सेवा सहकारी समिति पथरला की पिरदा शाखा में किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद की समुचित उपलब्धता और वितरण नहीं होने के कारण सोमवार को सैकड़ों किसान बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान तथा मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चम्पकलाल चौहान के नेतृत्व में समिति पहुंचे और अपनी नाराजगी जाहिर की।
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की कमी के कारण खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। रोजाना किसान समिति के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन खाद नहीं मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है।
निरीक्षण के दौरान समिति प्रभारी ने बताया कि डिस्पैच नंबर जारी नहीं होने के कारण खाद वितरण प्रभावित हुआ है। इस संबंध में बैंक प्रबंधक से मोबाइल पर चर्चा की गई, जिसमें आश्वासन दिया गया कि सोमवार को खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता आज खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक खाद वितरण शुरू नहीं हुआ तो मंगलवार सुबह से किसानों के साथ समिति के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और समिति प्रबंधन की होगी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि किसान खेती के सबसे महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं और ऐसे समय में खाद की कमी किसानों के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उमाकांत प्रधान, हेतुराम गहिर, चतुर्भुज चेरकिया, नेताचंद प्रधान, पदमन प्रधान, सोहन चौहान, रजशन प्रधान, रिखीराम सोम, नित्यानंद गढ़तिया, तिहारू निराला, भारत भोई, गणपत सिदार, ललित सिदार, दुर्लम चौधरी, शाखाराम निराला, सुधाराम निराला, मंगलदास कोसरिया, पंकज प्रधान, श्रीमती रानी बंजारा, श्रीमती कुंती पटेल, श्रीमती दूरपती बंजारा, श्रीमती पुष्पा निराला, श्रीमती अनुपमा साहू, श्रीमती सीता बंजारा, श्रीमती सोहद्रा सिदार, श्रीमती सिया बाई बंजारा, फूलमोती सिदार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
"खाद दो या जवाब दो" के नारों के साथ किसानों ने स्पष्ट कर दिया कि अब वे अपने अधिकारों के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। किसानों ने प्रशासन से तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.