सीएसआर से संवर रहा ग्राम मढ़ी: गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट ने बदली गांव की तस्वीर
तिल्दा। तिल्दा विकासखंड के ग्राम मढ़ी में गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी यानी सीएसआर के तहत गांव के चौतरफा विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। प्लांट प्रबंधन शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है, जिसका सीधा असर ग्रामीणों के जीवन स्तर पर दिख रहा है।
प्लांट द्वारा गांव के प्रमुख जल स्रोत धोबा तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया है। तालाब के घाटों की मरम्मत कराई गई और पूरे परिसर की सफाई की गई। इसके बाद यह स्थान अब ग्रामीणों के निस्तार के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर बन गया है।
तालाब के साफ होने से गांव में जल संरक्षण को बढ़ावा मिला है और भूजल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी कंपनी ने अहम कदम उठाए हैं। ग्राम मढ़ी के हाई स्कूल परिसर में एक भव्य मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है, जिससे स्कूल की पहचान और भी मजबूत हुई है। साथ ही स्कूल भवन में नई खिड़कियां लगवाई गई हैं, जिससे कक्षाओं में रोशनी और हवा का आवागमन बेहतर हुआ है।
बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल में प्रार्थना शेड भी बनवाया गया है। इस शेड के बनने से अब धूप और बारिश के मौसम में भी प्रार्थना सभा आयोजित करने में कोई दिक्कत नहीं होती और बच्चों को खुले में खड़ा नहीं होना पड़ता।
सामुदायिक विकास के तहत ग्राम पंचायत भवन परिसर में चौपाल शेड का निर्माण कराया गया है। इस शेड के बन जाने से अब गांव की बैठकें, सामाजिक कार्यक्रम और पंचायत के काम सुगमता से हो पा रहे हैं। पहले खुले में होने वाली बैठकों में मौसम की वजह से परेशानी होती थी, जो अब दूर हो गई है। इसके अलावा गांव के प्राचीन महामाया मंदिर का भी कंपनी द्वारा पुनर्निर्माण कराया गया है। मंदिर को नया और आकर्षक स्वरूप मिलने से ग्रामीणों की आस्था के इस केंद्र की रौनक लौट आई है।
प्लांट प्रबंधन के अनुसार सीएसआर मद से प्रत्येक वर्ष सात लाख रुपये से अधिक की राशि केवल ग्राम मढ़ी के विकास कार्यों पर खर्च की जाती है। इन कार्यों से गांव की बुनियादी सुविधाएं मजबूत हुई हैं और लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट के सहयोग से गांव की तस्वीर बदल रही है। तालाब साफ होने से जहां पानी की समस्या कम हुई है, वहीं स्कूल की नई सुविधाओं से बच्चों को पढ़ाई का बेहतर माहौल मिला है।
प्लांट प्रबंधन ने बताया कि कंपनी आगे भी अपने सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए ग्राम मढ़ी के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी गांव की जरूरत के अनुसार नए विकास कार्य कराए जाएंगे ताकि मढ़ी को एक आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जा सके।
CNI NEWS Tilda Neora se Ajay Netam ki report





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.