जनरल परेड के बाद 'एकता वृक्षारोपण' अभियान : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कबीरधाम पुलिस ने लगाए 300 पौधे।
अनुशासन, एकता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम : कबीरधाम पुलिस का प्रेरणादायी वृक्षारोपण अभियान
प्रत्येक शुक्रवार की भांति आज न्यू पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र, जिला कबीरधाम में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.) द्वारा ली गई। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं जवानों की टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, वर्दी की सुसज्जा तथा कार्यकुशलता का सूक्ष्म अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि एक अनुशासित एवं संवेदनशील पुलिस बल ही समाज का विश्वास प्रभावी रूप से अर्जित कर सकता है।
जनरल परेड के उपरांत *लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रक्षित केंद्र, जिला कबीरधाम में "एकता वृक्षारोपण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया।* कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक नक्स ऑप्स श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, एसडीओपी श्री भूपत सिंह धनेश्वरी रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेंद्र सिंह व जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा एन.सी.सी. एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर एवं आसपास निर्धारित स्थलों पर कुल 300 पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि, "सरदार वल्लभभाई पटेल ने अखंड भारत के निर्माण के लिए जिस अद्वितीय नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता का परिचय दिया, वह आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी 150वीं जयंती पर लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। वृक्ष लगाना एक पुण्य कार्य है, किंतु उसका संरक्षण करना उससे भी बड़ा दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भारत का सपना अवश्य साकार होगा।"
उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वृक्षारोपण को केवल एक दिवस का कार्यक्रम न मानते हुए इसे जनभागीदारी का सतत अभियान बनाया जाए तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा के साथ निभाई जाए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा हरित भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कबीरधाम पुलिस द्वारा आयोजित यह "एकता वृक्षारोपण कार्यक्रम" न केवल लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को सार्थक श्रद्धांजलि प्रदान करने वाला आयोजन रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता एवं जनसहभागिता का सशक्त संदेश देने वाला प्रेरणादायी अभियान भी सिद्ध हुआ।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.