बुजुर्गों के सम्मान की लड़ाई: बंद पेंशन तत्काल शुरू करने की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम"
बैरसिया भोपाल मध्यप्रदेश। बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले पांच माह से बंद पड़ी वृद्धावस्था पेंशन को लेकर जनआक्रोश अब मुखर होने लगा है। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष भाग्यश्री चंचल खत्री के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन और उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि बैरसिया नगर सहित ग्रामीण अंचलों के सैकड़ों बुजुर्ग पिछले पांच माह से ₹600 प्रतिमाह मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन से वंचित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वृद्धजन अपने दैनिक जीवन-यापन के लिए इसी पेंशन पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में पेंशन का भुगतान बंद होने से उन्हें दवा, भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि बंद पड़ी वृद्धावस्था पेंशन योजना को तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ किया जाए तथा पिछले पांच माह का लंबित भुगतान एकमुश्त जारी किया जाए। इसके साथ ही बढ़ती महंगाई और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पेंशन राशि को ₹600 से बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह किए जाने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं लाड़ली बहना योजना के नए आवेदन पुनः प्रारंभ करने, बैरसिया क्षेत्र में पेयजल वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा हाईटेंशन विद्युत लाइन से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में बैरसिया तहसील कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सांसद सुरेन्द्र सिंह ठाकुर, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, किसान कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष रामभाई मेहर, बैरसिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा, नजीराबाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेन्द्र सिंह सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष लाला बना, मदन सिंह ठाकुर, सत्यनारायण यादव प्रदीप विश्वकर्मा जगदीश सेन फत्तूलाल कुशवाह, अखंड प्रताप सिंह, दुष्यंत परतानी, प्रेम यादव राजकुमारी केवट राहुल सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बुजुर्ग महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
बुजुर्गों का कहना है कि पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा अधिकार है। ऐसे में सरकार से अपेक्षा है कि वह संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शीघ्र निर्णय लेकर जरूरतमंद वृद्धजनों को राहत प्रदान करेगी।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.