पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के स्थानांतरण पर स्वामी विवेकानंद एकेडमी में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित।
प्रशिक्षुओं ने सम्मान कर उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं युवाओं के हित में किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने अनुशासन, निरंतर मेहनत एवं आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
स्वामी विवेकानंद एकेडमी को युवाओं के सपनों को साकार करने वाला मंच बताते हुए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने एकेडमी में मिले निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सकारात्मक वातावरण की सराहना की।
प्रशिक्षुओं ने पुलिस अधीक्षक को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कबीरधाम जिला के पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के स्थानांतरण उपरांत आठवीं वाहिनी (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल), राजनांदगांव में पदस्थापना होने पर कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं द्वारा उनके सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं ने पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा युवाओं के हित में किए गए उनके प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं को सही दिशा, अनुशासन एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद एकेडमी आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा की तैयारी तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासित दिनचर्या, नियमित अभ्यास एवं आत्मविश्वास ही प्रत्येक प्रतियोगी की वास्तविक पूंजी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से पूरे समर्पण, ईमानदारी एवं सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में एकेडमी के अनेक युवा पुलिस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एकेडमी केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त मंच है। यहां प्रशिक्षकों एवं पुलिस विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों को शारीरिक दक्षता के साथ-साथ लिखित परीक्षा, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्रा नीलिमा उदय, निवासी जिला एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्हें अपने शिक्षक के माध्यम से कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद एकेडमी की जानकारी मिली, जहां निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी भी कराई जाती है। इस जानकारी से प्रेरित होकर उन्होंने एकेडमी में प्रवेश लिया।
नीलिमा उदय ने कहा कि एकेडमी में उन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त हुआ, जिससे उनकी तैयारी पहले की अपेक्षा अधिक सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कबीरधाम पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूर-दराज़ क्षेत्रों के युवाओं के लिए इस प्रकार की पहल किसी प्रेरणा एवं वरदान से कम नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक श्री घनाराम सिन्हा, आरक्षक श्री विक्की चंद्रवंशी, श्री प्रदीप श्रीवास, श्री दशरथ साहू एवं श्रीमती रीना शर्मा सहित स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) को नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं श्री धर्मेंद्र सिंह ने सभी प्रशिक्षुओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने, अनुशासन बनाए रखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.