जानवा में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय, सांसद भारती पारधी के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता
सांसद श्रीमती पारधी के कार्यकाल में तीसरे केंद्रीय विद्यालय की मिली सौगात
बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में किरनापुर तहसील के ग्राम जानवा में नया केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करने को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 208 कोबरा बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, जानवा परिसर में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा।
यह केंद्रीय विद्यालय अक्टूबर 2025 में स्वीकृत देश के 57 नए केंद्रीय विद्यालयों में शामिल है। भूमि हस्तांतरण एवं अस्थायी भवन उपलब्ध होने के बाद अब विद्यालय प्रारंभ करने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। प्रारंभिक चरण में विद्यालय में बालवाटिका-1 से बालवाटिका-3 तथा कक्षा 1 से 5 तक प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन संचालित किया जाएगा। आवश्यकता एवं स्वीकृति के अनुसार आगामी वर्षों में कक्षाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस उपलब्धि का श्रेय बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी के सतत प्रयासों को दिया जा रहा है। सांसद श्रीमती पारधी ने 27 मार्च 2026 को लोकसभा के शून्यकाल में जानवा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई थी और केंद्र सरकार से इसे शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया था। उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप अब यह मांग पूरी हो गई है।
विशेष बात यह है कि सांसद श्रीमती भारती पारधी के दो वर्ष के कार्यकाल में यह उनके संसदीय क्षेत्र का तीसरा केंद्रीय विद्यालय होगा। इससे पहले तिरोड़ी और बरघाट में केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ हो चुके हैं, जबकि अब किरनापुर तहसील के ग्राम जानवा को भी यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक सौगात मिल रही है। लगातार तीन केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति सांसद के शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रभावी प्रयासों और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जानवा में केंद्रीय विद्यालय खुलने से किरनापुर, बैहर, लांजी सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और केंद्रीय स्तर की शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के लिए दूर-दराज़ के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने निर्देश दिए हैं कि विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया तथा भूमि एवं अस्थायी भवन से संबंधित शेष औपचारिकताएं, यदि लंबित हों, तो 30 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएं। विद्यालय का संचालन केन्द्रीय विद्यालय, 208 कोबरा बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, जानवा, पोस्ट-बड़गांव, तहसील किरनापुर, जिला बालाघाट में किया जाएगा।
इस स्वीकृति को बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने सांसद भारती पारधी के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का समग्र विकास भी गति पकड़ेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.