सी एन आई न्यूज रिपोर्टर रमेश श्रीवास्तव पिथौरा 9977708864
पिथौरा - पीलवा पाली नदी में बेखौफ रेत माफिया, हर दिन 100 से अधिक ट्रैक्टर रेत का अवैध उत्खनन, प्रशासन मौन
पिथौरा, महासमुंद। पिथौरा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली पीलवा पाली नदी इन दिनों रेत माफियाओं के कब्जे में है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नदी घाट से लगातार दिन-रात अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। हर दिन 100 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रेत निकाली जा रही है और बाहर भेजी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार की शिकायत कई बार स्थानीय प्रशासन और खनिज विभाग से की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की चुप्पी से रेत माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
यह स्थिति सिर्फ पीलवा पाली की नहीं है। पूरे पिथौरा अंचल में यही हाल है। क्षेत्र के लिलेसर घाट में भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कारोबार फिर शुरू हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण रेत माफिया बिना किसी डर के दिन-रात घाट से रेत की अवैध ढुलाई कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि -
- ओवरलोड वाहनों के कारण गांव की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं।
- नदी का जलस्तर और प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है।
- शासन को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
महासमुंद जिले में कलेक्टर के निर्देश पर अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कार्रवाई के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन पीलवा पाली में जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन महासमुंद और खनिज विभाग से मांग की है कि पीलवा पाली नदी घाट का तत्काल सीमांकन कर अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, 100 से अधिक ट्रैक्टरों को जब्त किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.