पखांजूर/कांकेर से CNI NEWS शंकर सरकार की रिपोर्ट। मो-6268535584
पखांजूर : कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डंप बरामद, 40 डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री जब्त।
नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बांदे क्षेत्र के ग्राम कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान जिला पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बम निरोधक एवं खोजी दल (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने नक्सल डंप बरामद किया है। डंप से 40 डेटोनेटर, बारूद से भरे दो स्टील टिफिन सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। बरामद सामग्री में 40 डेटोनेटर, लगभग 10 लीटर क्षमता का एक स्टील टिफिन तथा लगभग 5 लीटर क्षमता का एक स्टील टिफिन शामिल है। दोनों टिफिनों में बारूद भरा हुआ था।
सुरक्षा की दृष्टि से बरामद विस्फोटक पदार्थों को बम निरोधक दल द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। संयुक्त अभियान के दौरान अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ भानुप्रतापपुर के उप महानिरीक्षक दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा बांदे स्थित 94वीं वाहिनी बीएसएफ के प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के निरीक्षक विपिन कुमार, निरीक्षक अविनाश कुमार तथा बीएसएफ बीडीएस दल के प्रभारी उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा सहित सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी और सघन तलाशी अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.