गांव से शहर तक कल एक साथ चलेगा साइबर जागरूकता
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा जिला पुलिस की अभिनव पहल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - जिला पुलिस द्वारा कल 27 अगस्त को जिले भर में “एक राखी साइबर जागृति की” शुभारंभ किया जायेगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में होगा। अभियान के तहत जिले की 432 ग्राम पंचायतों के साथ शहरी क्षेत्रों , शासकीय प्रतिष्ठानों , कॉलेजों एवं शासकीय विद्यालयों में साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया जायेगा। कल प्रातः साढ़े दस बजे निर्धारित स्थानों पर तथा जिले भर में ग्यारह बजे से बारह बजे तक जांजगीर-चांपा पुलिस , ग्राम कोटवार एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिला कमांडो द्वारा एक-दूसरे को “साइबर जागृति की राखी” बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संकल्प दिलाया जायेगा। राखी के इस पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश बनाते हुये पुलिस आमजन को ऑनलाइन ठगी , फर्जी लिंक , ओटीपी फ्रॉड , सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के स्टेट हैड / अधिकृत संवाददाता श्रीमती सोनल राजेश शर्मा भी एक राखी सायबर जागृति की शुभारंभ में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।जांजगीर-चांपा पुलिस की इस अनूठी एवं व्यापक पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। जिले के गांव-गांव और शहर-शहर एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाकर यह अभियान जनभागीदारी का नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.