गुंडरदेही में कथित पत्रकार द्वारा व्यापारियों से पैसे मांगने का आरोप, चैंबर एवं व्यापारी संघ ने जताया आक्रोश
बैठक के बाद थाने में लिखित शिकायत, शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं गुण्डरदेही व्यापारी संघ की बैठक में कथित पत्रकार द्वारा व्यापारियों को धमकाने, दबाव बनाने एवं पैसों की मांग किए जाने का मामला प्रमुखता से उठा। बैठक में व्यापारियों ने संबंधित व्यक्ति की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बैठक में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन उपस्थित थे। उनके समक्ष व्यापारियों ने अपनी शिकायत रखी। प्रकाश चावड़ा, संचेती ज्वेलर्स, रिंकू गुप्ता, अनूप नामदेव, मनीष भूतड़ा एवं मनीष जैन सहित अन्य व्यापारियों ने गुण्डरदेही व्यापारी संघ को लिखित आवेदन देकर शिकायत की कि उन्हें कथित पत्रकार द्वारा धमकाया जा रहा है तथा दबावपूर्ण तरीके से पैसों की मांग की जा रही है।
व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ में व्यापारियों पर दबाव बना रहा है तथा न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से लगातार व्यापारियों के खिलाफ खबरें प्रकाशित कर कथित रूप से आर्थिक मांग कर रहा है। बैठक में व्यापारियों ने संबंधित व्यक्ति को कथित फर्जी पत्रकार बताते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में जुआ-सट्टे में संलिप्तता, धारा 420 से संबंधित प्रकरण तथा जिला बदर की कार्रवाई से जुड़े मामले रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि ऐसे आरोपों और प्रकरणों के बावजूद पत्रकारिता की आड़ में व्यापारियों को दबाव में लेने का प्रयास गंभीर विषय है। इन आरोपों एवं पूर्व प्रकरणों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अभिलेखों से होना बाकी है।
बैठक के बाद थाने पहुंचे व्यापारी
बैठक में शिकायत सामने आने के बाद सभी व्यापारी एकजुट होकर गुण्डरदेही थाना पहुंचे और कथित पत्रकार के खिलाफ थाना प्रभारी श्री पांडे जी को लिखित आवेदन सौंपा। व्यापारियों ने थाना प्रभारी के समक्ष पूरे मामले की जानकारी देते हुए धमकी, दबाव एवं पैसों की मांग के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में किसी व्यापारी को डराना-धमकाना अथवा दबाव बनाकर पैसों की मांग करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारी संघ एवं चैंबर पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शिकायत के बाद भी मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं गुण्डरदेही व्यापारी संघ द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
15 अगस्त एवं व्यापारियों के लाइसेंस को लेकर भी हुई चर्चा
बैठक में व्यापारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं गुण्डरदेही व्यापारी संघ द्वारा आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में व्यापारियों की सहभागिता एवं ध्वजारोहण को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा ट्रेड लाइसेंस एवं गुमास्ता लाइसेंस बनवाने के संबंध में भी चर्चा हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि व्यापारियों को लाइसेंस संबंधी आवश्यक प्रक्रिया एवं नियमों के अनुसार कार्यवाही करने तथा नगर पंचायत के साथ समन्वय बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स इकाई गुंडरदेही के अध्यक्ष सुरेश सोनी ,उपाध्यक्ष महेश चांडक, गुण्डरदेही व्यापारी संघ के अध्यक्ष दर्शन जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, उपाध्यक्ष विजय सोनकर, भागचंद जैन, अमित जैन, मोहम्मद आरिफ खान, सूरज चंद्राकर, मितेश जैन, प्रकाश चावड़ा, सोहन सिंहा, नितेश साहू, थानमल जैन, मनीष जैन, दिनेश टावरी, सुरेश बाफना, शंकर सचदेव, विकास गांधी, मेघराज ओस्तवाल, सीताराम राजपुरोहित, केशव देवांगन, फहीम कुरैशी, कमलेश महोबिया, विनोद गोलछा, अमन गुप्ता, निकेश कोरिया, सतीश कुमार, फनेश्वर प्रसाद, अतुल जैन, प्रकाश महोबिया, सोनी ज्वेलर्स, संचेती ज्वेलर्स, नवीन जैन, शिव प्रिंटर्स, महामाया श्रृंगारिका, चेतन साहू, पंकज गुप्ता, रविंद्र त्रिपाठी, नेतराम सिन्हा, वीरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.