श्रावण के प्रथम सोमवार बिलाईगढ़ में गूंजी श्रीराम कथा, भाई श्याम सुंदर पटेल बोले— श्रावण में रामकथा सुनना-सुनाना परम सौभाग्य का विषय
बिलाईगढ़। अनुविभाग मुख्यालय बिलाईगढ़ के टिकरीपारा में श्रावण माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर भव्य श्रीराम कथा एवं मानस गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे मानस प्रेमियों एवं भजन मंडलियों ने सुमधुर भजनों और मानस गायन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में ग्राम बेलटिकरी के से डोल कुमार जायसवाल, खुरसूला के नवधा पटेल एवं डेविड पटेल, गोविंदवन के पंचराम साहू तथा बिलाईगढ़ के मुरारीलाल देवांगन, फूलसिंह, प्रवीण सोनी, अरुण राकेश एवं महिला मानस मंडली बिलाईगढ़ ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। ट्रांस महानदी क्षेत्र के प्रमुख रामायणी एवं ग्राम बांसउरकुली निवासी भाई श्याम सुंदर पटेल ने श्रीराम कथा का रसपान कराते हुए कहा कि "रामकथा किसी भी समय सुनना और सुनाना सौभाग्य की बात है, लेकिन श्रावण माह में रामकथा का श्रवण और आयोजन करने वाले परम सौभाग्यशाली होते हैं।" उन्होंने कहा कि श्रावण भगवान शिव की आराधना का विशेष माह है और इस दौरान रामकथा सुनने से भगवान शंकर अत्यंत प्रसन्न होते हैं, क्योंकि रामकथा के आदि रचयिता स्वयं भगवान शंकर हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार को यथासंभव रामकथा का श्रवण करें, दूसरों को भी सुनाएं तथा यदि संभव हो तो कथा का आयोजन भी कराएं। अपने प्रवचन में भाई श्याम सुंदर पटेल ने कहा कि भगवान शिव तीनों लोक और चौदहों भुवनों के सबसे बड़े देवता हैं। देव, दानव और मानव सभी उनकी आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लगभग प्रत्येक गांव, नगर और शहर में भगवान शिव का मंदिर या शिवलिंग अवश्य मिलता है, जो उनकी व्यापक लोकआस्था का प्रमाण है। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण सोनी, अन्नपूर्णा सोनी, पलटन सोनी, खगेश्वरी सोनी, चेतूराम राकेश, सियाराम कहार एवं मंगलूराम राकेश का विशेष योगदान रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.