सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका) के इंडिया डे परेड में NACHA बे एरिया ने प्रदर्शित की छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सैन फ्रांसिस्को (कैलिफोर्निया) — नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के बे एरिया चैप्टर ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सैन फ्रांसिस्को में आयोजित वार्षिक इंडिया डे परेड में छत्तीसगढ़ राज्य का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया। इस वर्ष परेड का मुख्य आकर्षण शिवरीनारायण (छत्तीसगढ़) की पौराणिक कथा पर आधारित एक सुंदर एवं आकर्षक झांकी रही। झांकी में माता शबरी की प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति को दर्शाया गया , जिसमें वे प्रेम और श्रद्धा के साथ श्रीराम को मीठे बेर अर्पित करती दिखाई गईं। इस प्रस्तुति के माध्यम से NACHA बे एरिया ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक , आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत की एक महत्वपूर्ण झलक कैलिफोर्निया की धरती पर प्रस्तुत की। इस झांकी ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ-साथ स्थानीय दर्शकों का भी विशेष ध्यान आकर्षित किया। परेड के दौरान दर्शकों ने उत्साहपूर्वक “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गौरव वाक्य “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के जयघोष लगाये। इस पूरे आयोजन का नेतृत्व NACHA बे एरिया चैप्टर की अध्यक्ष पूजा महतो ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कोर टीम के सदस्यों रिशु , सौरभ , अंकिता , एकता , तेज , योगेश्वरी , दीपक , मुक्ता , युगल , ज्योति और मानस का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूजा महतो ने कहा, “छत्तीसगढ़ से कैलिफोर्निया तक हम दुनियाँ में जहां भी जाते हैं , अपनी जड़ों और संस्कृति को अपने साथ लेकर चलते हैं। इतने बड़े और जीवंत मंच पर अपनी विरासत का उत्सव मनाना और बे एरिया के व्यापक समुदाय के साथ अपनी परंपराओं को साझा करना हमारे लिये गर्व और सम्मान की बात है। वहीं नाचा (NACHA) की एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट दीपाली सरावगी ने कहा कि इस वर्ष NACHA के विभिन्न चैप्टर्स ने अमेरिका के कई शहरों और अलग-अलग आयोजनों में भाग लेकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला , संस्कृति और परंपराओं का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने NACHA बे एरिया टीम को इस सफल आयोजन के लिये बधाई देते हुये कहा कि विदेश की धरती पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान को इतने सुंदर और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना हम सभी के लिये गर्व की बात है। नाचा NACHA के सदस्य दुनियाँ के अलग-अलग हिस्सों में रहते हुये भी अपनी मिट्टी , संस्कृति और परंपराओं से जुड़े हैं और उन्हें वैश्विक मंच पर आगे बढ़ा रहे हैं। मैं पूजा महतो और पूरी NACHA बे एरिया टीम को इस शानदार प्रस्तुति और सफल आयोजन के लिये हार्दिक बधाई देती हूं।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.