चैन झपटमारी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - सीसीटीवी फूटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बुजुर्ग महिला से सोने की चैन झपटमारी करने वाले एक महिला सहित दो आरोपियों को थाना सुपेला पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत माह 31 जुलाई को प्रार्थी सरोज कुमार राय द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी माता गीता देवी उम्र 62 वर्ष प्रातः लगभग साढ़े छह बजे घर के सामने पैदल टहल रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति स्कूटी से पहुंचे। स्कूटी में पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा गीता देवी के गले में पहनी सोने की चैन झपटकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना के संबंध में थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फूटेज एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसके बाद 20 सितम्बर को नेहरू नगर ईस्ट , विद्या विहार कॉलोनी , सुपेला क्षेत्र में पुनः गीता देवी के साथ चैन झपटमारी की घटना हुई। इस संबंध में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1398/2026 धारा 304 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। धारा 304 बीएनएस में झपटमारी को पृथक अपराध के रूप में परिभाषित किया गया है। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फूटेज एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विक्की नायक की पहचान की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ 31 जुलाई को स्कूटी क्रमांक सीजी -07- एनएन-6415 से चैन झपटमारी करना तथा 20 सितम्बरको नेहरू नगर क्षेत्र में पुनः चैन झपटमारी की घटना करना बताया गया। आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर संबंधित सामाग्री की बरामदगी की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना सुपेला पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का लगातार विश्लेषण , संदिग्धों की पतासाजी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपीगण -
विक्की नायक उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम - बारसिवनी वार्ड क्रमांक 11 , थाना - बारसिवनी , जिला - बालाघाट (मध्यप्रदेश) वर्तमान पता - तितुरडीह , मुकुट नगर , एम आईजी -07, थाना - मोहन नगर , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़) और तरूणा सिन्हा उम्र 20 वर्ष निवासी - मुदलियार कॉलोनी राजनांदगांव , थाना - चिखली , जिला - राजनांदगांव। वर्तमान पता - तितुरडीह , मुकुट नगर , एमआईजी -33 , थाना - मोहन नगर , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
सोने की चैन का बरामद हिस्सा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी -07- एनएन -6415
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि प्रातःकाल एवं सार्वजनिक स्थानों पर पैदल भ्रमण के दौरान अपने आभूषण एवं अन्य कीमती सामान के प्रति सावधानी बरतें। किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अपराध की सूचना समय पर मिलने से आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में पुलिस को सहायता मिलती है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.