एनडीपीएस प्रकरण में दो आरोपियों को न्यायालय ने किया सश्रम कारावास एवं अर्थदण्ड से दण्डित
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - एनडीपीएस प्रकरण में दो आरोपियों को विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट ने पंद्रह - पंद्रह वर्ष के सश्रम कारावास एवं एक - एक लाख रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया है। प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक भीखम साहू तथा न्यायालय में पैरवी एजीपी प्रकाश शर्मा द्वारा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत वर्ष 01 जूनज्ञ2022 को थाना मोहन नगर क्षेत्र के आदित्य नगर , कलर्स के पास पुलिस द्वारा कार्यवाही के दौरान प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया था। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुये अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई तथा आवश्यक साक्ष्य एवं दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किये गये। प्रकरण की सुनवाई विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट दुर्ग के न्यायालय में हुई। न्यायालय द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर अंकित यादव एवं केवल देवांगन को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 का उल्लंघन कर धारा 22(ग) के अपराध में दोषसिद्ध किया गया। पारित निर्णय में न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को पंद्रह - पंद्रह वर्ष के सश्रम कारावास एवं एक - एक लाख रुपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। अर्थदण्ड की राशि अदा नहीं करने की स्थिति में पृथक से एक - एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजा निर्धारित की गई है। उक्त प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक भीखम साहू द्वारा की गई। प्रकरण में न्यायालयीन पैरवी एजीपी प्रकाश शर्मा द्वारा की गई। पुलिस द्वारा प्रकरण में साक्ष्यों एवं दस्तावेजों को विधिवत प्रस्तुत किये जाने के फलस्वरूप न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को दोषसिद्ध कर दण्डित किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण -
अंकित यादव उम्र लगभग 23 वर्ष निवासी - चौधरी दूध डेयरी के पास आशा नगर दुर्ग और केवल देवांगन उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी - वार्ड क्रमांक 14 , सोनी आटा चक्की के पास , आकाश नगर दुर्ग , थाना - मोहन नगर , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
अंकित यादव के कब्जे से KOP FREE Cough Syrup 100 ML में Codeine युक्त कुल 25 नग भरी हुई प्लास्टिक शीशियां और केवल देवांगन के कब्जे से Chlorpheniramine Maleate एवं Codeine Phosphate युक्त SUPKOF Syrup 100 ML की कुल 50 नग भरी हुई प्लास्टिक शीशियां।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध भण्डारण , परिवहन अथवा बिक्री की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.