सेवा संकल्प अभियान के तहत अनुसूचित जाति कन्या आश्रम परिसर में हुआ वृक्षारोपण
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा—वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी हैं
पिथौरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा अनुसूचित जाति कन्या आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरर्षोत्तम घृतलहरे जनपद अध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि पुरुषोत्तम घृतलहरे, वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, सतपाल सिंह छाबड़ा, पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल, दिलीप निषाद, एल्डरमैन किशोर पटेल, संजय गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आश्रम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वृक्षारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी : डॉ. संपत अग्रवाल
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। बढ़ता प्रदूषण, जल संकट और बदलता पर्यावरण हमें यह संदेश दे रहा है कि विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि एक वृक्ष अनेक वर्षों तक समाज और पर्यावरण को अपनी सेवाएं देता है। वृक्ष हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ मिट्टी का संरक्षण, जल संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण को एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। पर्यावरण संरक्षण भी समाजसेवा का ही एक महत्वपूर्ण स्वरूप है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी ओर से एक अनमोल उपहार हैं।
डॉ. अग्रवाल ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरियाली का विस्तार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और वनों के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़कर ही व्यापक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। वन केवल पेड़ों का समूह नहीं हैं, बल्कि वे जल, जमीन, जीव-जंतुओं और मानव जीवन के प्राकृतिक संतुलन का आधार हैं। इसलिए वनों और पौधों की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी लिया संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर फॉरेस्ट एसडीओ यू.आर. बसंत, रेंजर अतरंग पांडे, खंड प्रभारी कमलेश ठाकुर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.