देवी खप्पर यात्रा की सुरक्षा के लिए कबीरधाम पुलिस का व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर।
19 एवं 20 अक्टूबर की दरम्यानी रात्रि कवर्धा में निकलेगी पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा।
07 सेक्टरों में विभाजित रहेगा सुरक्षा प्रबंध, तीनों मंदिरों की यात्राओं के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें/ पेट्रोलिंग पार्टी गठित।
सी.सी.टी.वी. एवं ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि रहेंगे तैनात।
बिलासपुर, राजनांदगाँव, रायपुर एवं भोरमदेव मार्ग पर लगातार आउटर पेट्रोलिंग एवं हाईवे पेट्रोलिंग सक्रियता से करेंगे पेट्रोलिंग।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व बल तैयार, असामाजिक तत्वों को चेतावनी—शांति एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्यवाही।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां।
नवरात्रि पर्व के अवसर पर कवर्धा शहर में 19 एवं 20 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात्रि मां दंतेश्वरी मंदिर, मां परमेश्वरी मंदिर एवं मां चंडी मंदिर से पंडा एवं बैगाओं द्वारा पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा निकाली जाएगी।
इस धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा तथा शहर की कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती, मार्गों की निगरानी, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं पुलिस बल के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निर्धारित ड्यूटी के अनुसार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि यात्रा के प्रत्येक चरण में कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस अधिकारियों द्वारा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.