5 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कलेक्टर के निर्देश पर छापा,4 केंद्रों में एक भी बच्चा नहीं कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी
कार्यकर्ता-सहायिकाओं को शो-कॉज नोटिस
रंजीत बंजारे CNI NEWS बेमेतरा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के सख्त निर्देश के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने नवागढ़ ब्लॉक में दबिश दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ के अंतर्गत आने वाले पांच केंद्रों पड़कीडीह, अंधियारखोर-01, खपरी, मानपुर और समेसर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में क्या-क्या मिला
सन्नाटा पसरा मिला अंधियारखोर-01, खपरी, समेसर और मानपुर - इन चार केंद्रों में निरीक्षण के निर्धारित समय पर एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था केंद्र खुले थे, लेकिन बच्चों के बिना सूने पड़े थे।
पोषण आहार गायब बच्चों को रोज दिया जाने वाला सुबह का नाश्ता और दोपहर का गर्म भोजन (पूरक पोषण आहार) का वितरण नहीं हो रहा था।
मेन्यू का पालन नहीं शासन द्वारा तय मेन्यू के अनुसार भोजन बनाया ही नहीं गया था।
विभागीय अधिकारियों ने इसे शासकीय निर्देशों की अवहेलना और बच्चों के स्वास्थ्य-पोषण के प्रति घोर लापरवाही माना है।
प्रशासन सख्त: 3 दिन में जवाब दो, नहीं तो मानदेय बंद और सेवा समाप्त
इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है।
संबंधित सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी कर दिया गया है। उन्हें तीन कार्यदिवस के भीतर अपना जवाब जिला कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है -
यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो नियमानुसार मानदेय रोकने और सेवा समाप्ति की अनुशंसा वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी जाएगी
पर्यवेक्षकों को भी फटकार, रोजाना मॉनिटरिंग के आदेश
सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं, इस लापरवाही के लिए परियोजना अधिकारी और संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षकों को भी जिम्मेदार माना गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण करें, बच्चों की उपस्थिति, भोजन वितरण और केंद्र खुलने-बंद होने के समय की सतत निगरानी करें।
महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन ने दो टूक कहा है कि -
बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी हड़कंप मच गया है!




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.