सारंगढ़–बिलाईगढ़ (छ.ग.)
────────────
पण्ड्रीपाली में 8 अक्टूबर को होगा अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर
वर्ण भेद रहित सामूहिक भोज के साथ होंगे सांस्कृतिक, सम्भाषण, चित्रकला एवं निबंध कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत विभागों द्वारा गांव में किए जाएंगे सेवा कार्य
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 02 अक्टूबर 2026। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में अस्पृश्यता निवारण और सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 अक्टूबर 2026 को विकासखण्ड बिलाईगढ़ के ग्राम पण्ड्रीपाली में
‘‘अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर’’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से शासकीय हाई स्कूल परिसर पण्ड्रीपाली में प्रारंभ होगा।
सद्भावना शिविर में सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए वर्ण भेद रहित सामूहिक भोज आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्भाषण, चित्रकला एवं निबंध सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अस्पृश्यता के उन्मूलन, आपसी सद्भाव, समानता और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
इसी अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘‘एक गांव गोद में’’ पहल के तहत विभिन्न विभागों द्वारा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम पण्ड्रीपाली में सेवा कार्य किए जाएंगे। संबंधित विभाग प्रातः 10 बजे से गांव में निर्धारित सेवा गतिविधियां संचालित करने के बाद सद्भावना शिविर में अपने-अपने विभाग से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराएंगे। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों, प्रबुद्धजनों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं प्रबुद्धजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सामाजिक सद्भावना और समरसता के इस आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.