गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने किया नमन
CNI NEWS बिलासपुर छत्तीसगढ़ से दिलीप सोनवानी की रिपोर्ट
गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान
गरीबों और जरूरतमंदों की संवेदनशीलता के साथ सेवा करना ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि—कलेक्टर
बिलासपुर, 2 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आज जिला कार्यालय में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री का भी पुण्य स्मरण करते हुए देश के प्रति उनके योगदान को नमन किया।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, सेवा और सद्भाव का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधी जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और जरूरतमंदों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और जनसेवा की भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यही राष्ट्रपिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन ईमानदारी, दृढ़ संकल्प और समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति पटेल सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
दिलीप सोनवानी
CNI NEWS ब्यूरो चीफ बिलासपुर (छ, ग,)
मो, 9340810592



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.